पंजाब में सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े 11 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। बताया जा रहा है कि भुल्लर और उनसे जुड़े संगठनों के खिलाफ धन शोधन की जांच के तहत छापेमारी की जा रही है।

सीबीआई ने अक्टूबर 2025 में भुल्लर को किया था गिरफ्तार
अधिकारियों के अनुसार चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, नाभा और जालंधर में आरोपी, उसके सहयोगियों और संदिग्ध बेनामीदारों (वह मालिक जिसके नाम पर बेनामी संपत्ति है) से जुड़े लगभग 11 परिसरों को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच में शामिल किया जा रहा है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा भुल्लर के खिलाफ दर्ज किए गए एक मामले से जुड़ी है, जिसमें उन पर एक आपराधिक मामले के निपटारे के लिए एक बिचौलिए के माध्यम से रिश्वत मांगने और आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति का आरोप है। ईडी के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य कथित अपराध से प्राप्त धनराशि का पता लगाना, बेनामी संपत्तियों की पहचान करना और धन शोधन से संबंधित सबूत जुटाना है। भुल्लर पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर रोपड़ में तैनात थे, जब उनको सीबीआई ने अक्टूबर 2025 में गिरफ्तार किया था। एक कबाड़ व्यापारी ने आरोप लगाया था कि एक मामले को निपटाने के लिए एक बिचौलिए के माध्यम से उससे रिश्वत की मांग की गई थी।

CBI जांच में क्या था मिला 
इससे पहले सीबीआई ने 16 और 17 अक्टूबर 2025 को चंडीगढ़ के सेक्टर 40-बी स्थित हरचरण सिंह भुल्लर के घर की तलाशी ली थी।
नकद राशि- 7 करोड़ 36 लाख 90 हजार रुपये (जिसमें से 7 करोड़ 36 लाख 50 हजार रुपये जब्त किए गए)।
गहने और अन्य कीमती सामान: बेडरूम में 2 करोड़ 32 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 26 महंगी ब्रांडेड घड़ियां मिलीं।
संपत्ति के दस्तावेज – मोहाली, होशियारपुर और लुधियाना में लगभग 150 एकड़ जमीन के दस्तावेज मिले हैं, जिनमें चंडीगढ़ (सेक्टर 40-बी और सेक्टर 39) में 2 घर भी शामिल हैं। ये संपत्तियां भुल्लर, उनकी पत्नी तेजिंदर कौर भुल्लर, बेटे गुरप्रताप सिंह भुल्लर, बेटी तेजकिरण कौर भुल्लर और अन्य के नाम पर हैं।
वाहन और बैंक बैलेंस: परिवार के पास मर्सिडीज, ऑडी, इनोवा और फॉर्च्यूनर जैसी 5 महंगी गाड़ियां भी मिलीं। इसके साथ ही भुल्लर और उसके परिवार के नाम पर 5 बैंक खाते और 2 एफडी भी मिली हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights