सुलतानपुर जिले के बंधुआ कलां थाना क्षेत्र में अकेली रह रही एक बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने बताया कि डायल 112 पर कपिल देव सिंह नामक व्यक्ति ने रविवार सुबह सूचना दी कि लंगड़ी गांव में उसकी रिश्तेदार विमलेश देवी (65) की उनके घर के अंदर किसी ने हत्या कर दी है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बाहर से बंद दरवाजा खुलवाया और अंदर विमलेश देवी का खून से लथपथ शव बरामद हुआ।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला के गले और शरीर पर धारदार हथियार से प्रहार किए जाने के निशान थे, ऐसे में प्रथम दृष्टया गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि विमलेश देवी के पति चंद्रशेखर सिंह और बच्चे बाहर रहते हैं। फोन पर संपर्क करने पर चंद्रशेखर ने किसी से कोई रंजिश या विवाद होने से इनकार किया।

निगम ने बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान चोरी का कोई प्रमाण नहीं मिला। घर का सारा सामान व्यवस्थित अवस्था में पाया गया, ऐसे में लूट के लिए वारदात को अंजाम देने की बात से भी इनकार किया जा रहा है। पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले का पर्दाफाश करने के लिए 5 विशेष पुलिस टीम गठित की गई हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights