इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उनका ‘प्रोस्टेट कैंसर’ का उपचार हुआ था और अब वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं। यह पहली बार है जब नेतन्याहू ने सार्वजनिक रूप से अपनी बीमारी के बारे में बात की है। उन्होंने बताया कि लगभग डेढ़ साल पहले उनकी प्रोस्टेट की सर्जरी हुई थी और इसके बाद ढाई महीने पहले उनके चिकित्सकों ने यरुशलम के हदासा अस्पताल में विकिरण चिकित्सा के माध्यम से एक छोटे ट्यूमर की सर्जरी की और उसका उपचार किया। उस समय इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई थी।

इजराइल के 76 वर्षीय नेता ने कहा, ”मैंने इस जानकारी के प्रसारण को दो महीने के लिए टालने का अनुरोध किया था ताकि ईरान के खिलाफ युद्ध के चरम पर होने के दौरान यह खबर जारी न हो।” उन्होंने कहा कि ऐसा इजराइल के खिलाफ ”और अधिक झूठे दुष्प्रचार” को रोकने के लिए किया गया।

उन्होंने कहा कि अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्होंने इस ट्यूमर को एक ”मामूली चिकित्सीय समस्या” बताया। ईरान के साथ युद्ध के शुरुआती हफ्तों में नेतन्याहू के स्वास्थ्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं।

उस दौरान कृत्रिम मेधा (एआई) से बनाई गई फर्जी तस्वीरें प्रसारित हुई थीं, जिनसे ऐसा संकेत दिया गया था कि उनकी मौत हो गई है। ऐसी तस्वीरें ईरान के सरकारी मीडिया में भी प्रसारित हुई थीं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights