देश की राजधानी दिल्ली के इंद्रपुरी इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां एक 25 वर्षीय महिला की इमारत से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने के कारण मौत हो गई। पीड़िता के पिता का आरोप है कि हाल ही में हुई जेठानी की शादी में मिले महंगे दहेज से तुलना करके उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतका के पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया है।

DCP (पुलिस उपायुक्त) पश्चिम शरद भास्कर के अनुसार 18 मई को एक PCR कॉल मिली थी जिसमें बताया गया था कि इंद्रपुरी इलाके के दशघरा गांव में होली चौक के पास एक इमारत से एक महिला गिर गई है। स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान राजू सिंह की पत्नी के रूप में हुई है। चूंकि शादी को सात साल से कम समय हुआ था इसलिए कानूनी कार्रवाई शुरू की गई और मामले की सूचना सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM), करोल बाग को दी गई। जांच प्रक्रिया के तहत परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए गए। इसके अलावा वीणा के देवर उसके रंग रूप को अलग लेकर अक्सर तंज करते रहते थे जिससे वह काफी परेशान रहने लगी थी। देवर उससे कहता था – तुम काली कलूटी हो मेरी पत्नी ही सुन्दर होगी।

भास्कर ने बताया कि क्राइम टीम और रोहिणी की फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और सबूत जुटाए। जांच, रिश्तेदारों के बयानों और बुधवार को किए गए पोस्टमार्टम के आधार पर पति राजू सिंह और उसके दो भाइयों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80 और 3(5) के तहत एक FIR दर्ज की गई। ये धाराएं दहेज से जुड़े अपराधों और साझा इरादे (common intention) से संबंधित हैं। भास्कर ने बताया कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई की गई और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मृतका के पति राजू सिंह (27) और पति के छोटे भाई राजकुमार (22) के रूप में हुई है। ये दोनों जयपाल सिंह के बेटे हैं।

पीड़ित पिता का दर्द

वहीं पीड़िता के पिता सुरेश ने रोते हुए अपनी बेटी के साथ हुई प्रताड़ना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शादी के समय से ही वे दामाद की हर मांग पूरी करते आ रहे थे लेकिन घर में हुई दूसरी शादी के बाद उनकी बेटी का जीना दूभर कर दिया गया। हाल ही में उनके दूसरे बेटे की शादी हुई थी। उस शादी के बाद से वे दोनों शादियों के दहेज की तुलना करने लगे। वे मेरी बेटी को ताना मारते थे कि छोटे बेटे को शादी में 40-इंच का बड़ा LED TV मिला है जबकि उसे सिर्फ 32-इंच का टीवी मिला। छोटे को अपाचे (Apache) मोटरसाइकिल मिली जबकि मैंने सिर्फ एचएफ डीलक्स (HF Deluxe) दी थी।

पिता से छिपाई मारपीट की बात, बड़ी बहन को बताया था दर्द

पिता सुरेश ने आगे बताया कि उनकी बेटी बेहद सीधी और शांत स्वभाव की थी। वह नहीं चाहती थी कि मायके वाले परेशान हों, इसलिए उसने अपने साथ होने वाली मारपीट की बात पिता से छिपाई। लेकिन वह दिल्ली में ही रहने वाली अपनी बड़ी बहन से अपना सारा दर्द साझा करती थी और उसे बताती थी कि ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते हैं। पुलिस के अनुसार मामले के तीसरे आरोपी (पति के एक अन्य भाई) की भूमिका की जांच की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights