पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को बुरी हार का सामना करना पड़ा है. आजादी के बाद पहली बार शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बीजेपी ने सरकार बनाई है. ममता बनर्जी ने शुक्रवार को टीएमसी नेताओं की बैठक बुलाई और उन्होंने अपने उम्मीदवारों से पार्टी को फिर से खड़ा करने की अपील की. ममता बनर्जी ने कहा कि जो लोग पार्टी छोड़कर जाना चाहते हैं, वो ऐसा करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं.

अभिषेक बनर्जी की मौजूदगी में क्या बोलीं ममता बनर्जी?

कालीघाट में अपने आवास पर तृणमूल उम्मीदवारों के साथ हुई बैठक में ममता बनर्जी ने कहा कि हाल के विधानसभा चुनाव में करारी हार के बावजूद पार्टी संगठन फिर से उठ खड़ा होगा. इस बैठक में पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे. पार्टी सूत्रों के अनुसार ममता बनर्जी ने कहा, ‘जो लोग दूसरी पार्टियों में जा रहे हैं, उन्हें जाने दीजिए. मैं पार्टी को नए सिरे से खड़ा करूंगी. जो लोग पार्टी में बने रहेंगे, उनसे मैं कहती हूं कि क्षतिग्रस्त पार्टी कार्यालयों का पुनर्निर्माण कीजिए, उन्हें रंगिए और फिर से खोलिए. जरूरत पड़ने पर मैं भी उन्हें रंग दूंगी. तृणमूल कांग्रेस कभी नहीं झुकेगी.  जनादेश लूटा गया है.’

TMC हार के बाद पहली बार बोलीं ममता बनर्जी

चुनावी नतीजों में नाटकीय उलटफेर के बाद तृणमूल कांग्रेस के सत्ता गंवाने के कुछ दिनों बाद ममता बनर्जी की ये टिप्पणियां सामने आईं. बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में से टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई. ममता बनर्जी भी अपनी भवानीपुर सीट शुभेंदु अधिकारी से हार गईं. इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में भी शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट पर हरा दिया था.

TMC की ओर से क्या बताया गया?

तृणमूल कांग्रेस की ओर से बैठक के बारे में लिखा गया, ‘आज, हमारी अध्यक्ष ममता बनर्जी और हमारे राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कालीघाट में हमारे उम्मीदवारों से मुलाकात की. उन्होंने अकल्पनीय अत्याचारों और निरंतर धमकियों का सामना करते हुए भी अद्वितीय साहस के साथ चुनाव लड़ा.’ पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि बनर्जी ने इस बैठक का इस्तेमाल चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों का मनोबल बढ़ाने के लिए किया.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights