अमेरिका के चर्चित कारोबारी और यौन अपराधी  जेफरी एप्स्टीन की मौत को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। हस्तलेखन विशेषज्ञों का दावा है कि यौन उत्पीड़न के दोषी एवं अरबपति उद्योगपति जेफरी एप्स्टीन से जुड़े दो नोट लगभग निश्चित रूप से एक ही व्यक्ति ने लिखे हैं। इनमें से एक नोट मैनहट्टन की जेल में उसकी संदिग्ध आत्महत्या की कोशिश से पहले मिला था, जबकि दूसरा उसी जेल में उसकी मौत के बाद बरामद हुआ। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के अनुरोध पर तीन फॉरेंसिक दस्तावेज विशेषज्ञों ने दोनों नोटों की जांच की और निष्कर्ष निकाला कि उनमें अक्षरों की बनावट, शब्दों के बीच की दूरी, बड़े अक्षरों का प्रयोग और विराम चिह्नों की शैली समान है।

इस सप्ताह सार्वजनिक किए गए पहले पत्र में लिखा था, “उन्होंने महीनों तक जांच की — कुछ नहीं मिला!!!” और उसमें “आत्महत्या का समय चुनने” का भी उल्लेख था। वर्षों से सार्वजनिक दूसरे नोट में जेल की परिस्थितियों का जिक्र करते हुए खराब शॉवर, भोजन और “बड़े-बड़े कीड़े-मकौड़ों” की शिकायत की गई थी। हालांकि, किसी विशेषज्ञ ने आधिकारिक रूप से यह नहीं कहा कि ये नोट स्वयं एप्स्टीन ने लिखे थे, लेकिन इन नोटों से उसकी मौत से पहले की मनःस्थिति का संकेत मिलता है और वे जेल कर्मचारियों के खिलाफ उसकी शिकायतों से मेल खाते हैं। ‘हैंडराइटिंग एक्सपर्ट्स इंक.’ के संस्थापक तथा 130 से अधिक बार अदालत में गवाही दे चुके बार्ट बैगेट ने कहा, “दोनों नोट एक ही व्यक्ति ने लिखे हैं।”

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग में एक दशक तक दस्तावेज जांच और हस्तलेखन विश्लेषण का कार्य कर चुकी ग्रेस वार्मबियर ने कहा, “दोनों पत्र लिखने वाला व्यक्ति एक ही है।” ‘अमेरिकन सोसाइटी ऑफ क्वेश्चंड डॉक्युमेंट एग्जामिनर्स’ के अध्यक्ष थॉमस वास्ट्रिक ने कहा, “ये वे संकेत हैं जो इस ओर इशारा करते हैं कि दोनों लिखावटें एक ही व्यक्ति की हैं।” हालांकि, कोई भी विशेषज्ञ पूरे विश्वास के साथ यह नहीं कह सका कि ये नोट एप्स्टीन ने ही लिखे थे, क्योंकि अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी लाखों पन्नों के दस्तावेजों में उसकी हस्तलिपि के प्रमाणित नमूने बहुत कम उपलब्ध हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights