बांग्लादेश (Bangladesh) में एक पिता की बहादुरी और सूझबूझ ने बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। भैरब रेलवे स्टेशन पर एक पिता और उसका छोटा बेटा चलती ट्रेन से उतरते समय रेलवे ट्रैक पर गिर गए, लेकिन चमत्कारिक रूप से दोनों की जान बच गई। रिपोर्ट के मुताबिक परिवार ब्राह्मणबरिया से भैरब जा रहा था। वे टिटास कम्यूटर ट्रेन में सफर कर रहे थे। ट्रेन करीब डेढ़ घंटे देरी से स्टेशन पहुंची थी। जब ट्रेन दोबारा चलने लगी, उसी समय पिता बच्चे को गोद में लेकर उतरने लगे। तभी बच्चा उनके हाथ से फिसलकर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच की संकरी जगह में गिर गया।
🔴 Bangladeş’te tren raylarına atlayan küçük bir çocuk, babası tarafından son anda kurtarıldı. pic.twitter.com/6A1S8r09Eu
— Conflict (@ConflictTR) April 30, 2026
बेटे को गिरते देख पिता बिना देर किए तुरंत ट्रैक पर कूद गए। उन्होंने बच्चे को अपनी बाहों में कसकर पकड़ लिया और खुद को प्लेटफॉर्म की दीवार से पूरी ताकत से सटा लिया। इसके बाद ट्रेन के आठ डिब्बे उनके ऊपर से गुजर गए। स्टेशन पर मौजूद लोग यह दृश्य देखकर दहशत में आ गए। किसी की हिम्मत नहीं हुई कि तुरंत मदद कर सके। जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ी, लोगों ने देखा कि पिता और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर पिता की बहादुरी की सराहना की। बताया गया कि बच्चे की मां को भी अन्य यात्रियों ने सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग पिता को असली हीरो बता रहे हैं।
