उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पटहेरवा क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रहे पाकिस्तान के एक नागरिक को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में पाकिस्तानी नागरिक का जाली आधार कार्ड, पैन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र बनवाने के आरोप में दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पटहेरवा थाना क्षेत्र के गगलवा चैन पट्टी गांव में पाकिस्तान के नागरिक सिराजुल हक को अवैध तरीके से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसने फर्जी तरीके से भारत का आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और आयुष्मान कार्ड बनवा लिया था।

इस आधार पर वह अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक के जाली दस्तावेज बनवाने के आरोप में चांद अख्तर और शब्बीर आजम नामक दो व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया है। उनके एक अन्य साथी शेख सूबेदार की तलाश की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और विदेशी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights