उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार (7 मई) को अपने गृह जनपद पौड़ी गढ़वाल के पैतृक गांव पंचूर पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहे हैं. जानकारी के अनुसार योगी आदित्यनाथ गांव में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे और करीब तीन दिनों तक अपने पैतृक गांव में प्रवास करेंगे.
मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. गांव और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है, जबकि यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार तैयारियों की निगरानी की जा रही है ताकि दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो.
पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा ले रहे हैं. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए गांव के प्रवेश मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. स्थानीय प्रशासन द्वारा साफ-सफाई, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है.
इस बीच मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. गांव में स्वागत की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं और लोग अपने “गांव के बेटे” के स्वागत को लेकर उत्साहित हैं. कई स्थानीय लोग मुख्यमंत्री के प्रवास को गांव के लिए गौरव का क्षण बता रहे हैं.
सर्वेश पंवार ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं. उन्होंने कहा कि पूरे कार्यक्रम पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.
