नागपुर से कोलकाता जा रहे विमान में बम होने की सूचना के बाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में उड़ान को आपात स्थिति में उतारा गया जिसमें 187 यात्री सवार थे। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। रायपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि नागपुर से कोलकाता जा रहे इंडिगो के विमान में बम होने की सूचना के बाद उसे रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया है।

सिंह ने बताया कि हवाई अड्डा प्राधिकरण ने सुबह लगभग साढ़े नौ बजे पुलिस को सूचना दी कि उन्हें नागपुर से कोलकाता जा रहे इंडिगो के विमान ‘6ई812′ में बम होने की जानकारी मिली है तथा विमान को रायपुर में उतारा गया है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार सभी 187 यात्रियों को नीचे उतारा गया है तथा विमान की तलाशी ली जा रही है।

सिंह ने बताया कि पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान विमान की तलाशी ले रहे हैं। विमान की पूरी तरह तलाशी लेने के बाद इस संबंध में अधिक जानकारी दी जा सकेगी। इससे पहले 24 अक्टूबर को कोलकाता से बिलासपुर आने वाले ‘एलाइंस एयर’ के विमान में बम होने की सूचना के बाद बिलासपुर हवाई अड्डे पर उसकी तलाशी ली गई थी। हालांकि, बाद में यह सूचना अफवाह निकली।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights