उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में समाजवादी पार्टी के जमनिया से विधायक और पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने यूपी की बीजेपी सरकार की तारीफ़ कर एक नई राजनीतिक अटकलों को जन्म दे दिया है. सांसद अफजल अंसारी के साथ स्कूल के शिलान्यास कार्य्रकम में पहुंचे पूर्व मंत्री ने सरकार की ‘मुख्यमंत्री अलंकार योजना’ की तारीफ़ की. उन्होंने कहा कि इस योजना की जितनी तारीफ़ की जाए उतना कम है.
पूर्व मंत्री ने अपने बयान में कहा कि पिछले 50 सालों में किसी सरकार ने विधायलों के जीर्णोद्धार पर ध्यान नहीं दिया था. यूपी चुनाव में एक साल से कम का वक़्त बचा है, ऐसे में सपा विधायक द्वारा प्रतिद्वन्दी सरकार की तारीफ़ के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं.
ओम प्रकाश सिंह का पूरा बयान
कार्यक्रम के बाद ओमप्रकाश सिंह ने इस योजना की तारीफ़ करते हुए कहा,“इस योजना की जितनी भी तारीफ की जाए वह कम है. 50 साल में किसी सरकार ने विद्यालय के भवनों पर अपनी नजर इनायत नहीं की थी.”
पूर्व मंत्री ने आगे कहा कि उन्होंने खुद विधायक निधि से कई स्कूलों में फंड दिया था, लेकिन अब योगी सरकार की इस योजना से बड़े स्तर पर काम हो रहा है. उन्होंने कहा, “विद्यालय ही वह जगह है जहां से नेहरू, गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद जैसे महान लोग निकलते हैं. शिक्षा संस्थानों का समाज निर्माण में बहुत बड़ा योगदान है. इस योजना से छात्रों का बेहतर विकास होगा.” इसके साथ ही ओमप्रकाश सिंह ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए जोर दिया कि भारत 6000 वर्ष पुरानी सभ्यता है और ऐसे काम करने चाहिए जो आने वाली पीढ़ियां याद रखें.
एक करोड़ 18 लाख की लागत से बनेगा कॉलेज भवन
यहां बता दें कि गाजीपुर के दिलदारनगर स्थित एसकेवीएम इंटर कॉलेज को मुख्यमंत्री अलंकार योजना के तहत 1 करोड़ 18 लाख रुपये मंजूर हुए हैं. इस राशि से कॉलेज भवन के जीर्णोद्धार का काम शुरू हो गया है. शिलान्यास कार्यक्रम में जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह और गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी ने भाग लिया.
