बीते रविवार सुबह लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। सऊदी अरबिया एयरलाइंस के एक विमान के बाएं पहिए से धुआं और चिंगारी निकलने लगी। यह विमान जेद्दा से हज यात्रियों को लेकर लखनऊ आया था। हादसे के वक्त विमान में 242 यात्री सवार थे।

लैंडिंग के बाद पहिए से उठी चिंगारी
यह घटना उस समय हुई जब विमान लैंडिंग के बाद टैक्सी-वे पर आ रहा था। उसी वक्त पायलट को बाएं पहिए के पास से चिंगारी और धुएं का एहसास हुआ। उसने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी।

फायर टीम ने संभाली स्थिति
ATC से सूचना मिलते ही एयरपोर्ट की फायर सेफ्टी टीम मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने फोम और पानी डालकर लगभग 20 मिनट में स्थिति पर काबू पा लिया। जब तक आग पर काबू पाया गया, यात्री विमान के अंदर ही बैठे रहे।

यात्रियों में दहशत, फिर मिली राहत
धुआं और आग की खबर मिलते ही विमान के अंदर बैठे यात्रियों में घबराहट फैल गई। लेकिन जैसे ही स्थिति कंट्रोल में आई, विमान को टैक्सी वे पर ले जाकर रोका गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

देर शाम तक दूर नहीं हुई तकनीकी खराबी
विमान से यात्रियों को उतारने के बाद, इंजीनियरों की टीम ने विमान की जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बाएं पहिए के हाइड्रॉलिक सिस्टम में लीकेज हो गया था, जिसकी वजह से धुआं और चिंगारी निकली। खबर लिखे जाने तक, शाम तक खराबी को पूरी तरह ठीक नहीं किया जा सका था।

खाली वापस जाता है विमान
एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि सऊदी अरबिया एयरलाइंस का यह विमान हज यात्रियों को लेकर लखनऊ आता है और फिर खाली वापस जेद्दा जाता है। जैसे ही तकनीकी खराबी दूर हो जाएगी, विमान को वापस भेज दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights