इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक महत्वपूर्ण मुकाबले में मंगलवार को चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने संजू सैमसन की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ चेन्नई ने प्लेऑफ की रेस में खुद को बरकरार रखा है, जबकि दिल्ली की राह अब बेहद मुश्किल हो गई है। दिल्ली कैपिटल्स को सात विकेट पर 155 रन पर रोकने के बाद सुपरकिंग्स ने 17.3 ओवर में दो विकेट पर 159 रन बनाकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बनाए रखा।
चेन्नई सुपरकिंग्स की यह 10 मैचों में पांचवीं जीत है और टीम तालिका में छठे स्थान पर बनी हुई है। दिल्ली कैपिटल्स इतने ही मैचों में छठी हार के बाद आठ अंकों के साथ सातवें स्थान पर है और प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। जिस पिच पर अन्य बल्लेबाज संघर्ष कर रहे थे, सैमसन ने वहां धाराप्रवाह बल्लेबाजी करते हुए सात चौके और छह छक्के लगाने के अलावा तीसरे विकेट के लिए युवा कार्तिक शर्मा (नाबाद 41) के साथ 66 गेंदों में 114 रन की अटूट साझेदारी की।
पिछले मैच में नाबाद अर्धशतक जड़ने वाले कार्तिक ने 31 गेंदों की नाबाद पारी में चार चौके और दो छक्के लगा कर समझदारी से बल्लेबाजी की। दिल्ली कैपिटल्स के लिए कप्तान अक्षर पटेल और लुंगी एनगिडी ने एक-एक सफलता हासिल की। इससे पहले ट्रिस्टन स्टब्स (38) और समीर रिजवी (नाबाद 40) के बीच छठे विकेट के लिए 47 गेंदों में 65 रन की साझेदारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने खराब शुरुआत से उबरते हुए सात विकेट पर 155 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स ने 69 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन स्टब्स और रिजवी की साझेदारी के बाद आशुतोष शर्मा की पांच गेंदों में दो छक्के जड़ित 14 रन की पारी से धीमी पिच पर प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
रिजवी ने 24 गेंदों की नाबाद पारी में चार छक्के लगाए, जबकि स्टब्स ने 31 गेंदों की पारी में एक चौका और दो छक्के जड़े। दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी पांच ओवरों में 58 रन जोड़े। इस बीच चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने शानदार लय में चल रहे जैमी ओवरटन से सिर्फ एक ओवर कराया, जिन्होंने 19वें ओवर में सिर्फ पांच रन खर्च कर स्टब्स को आउट किया। नूर अहमद ने तीन ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि अकील हुसैन ने चार ओवर में 19 रन देकर एक सफलता हासिल की। गुरजपनीत और अंशुल कंबोज को भी एक-एक सफलता मिली, लेकिन कंबोज चार ओवर में 49 रन देकर सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए।
लोकेश राहुल (12), पथुम निसंका (19), नीतिश राणा (15) और करुण नायर (13) ने क्रीज पर समय बिताने के बाद आसानी से विकेट गंवा दिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सैमसन ने दूसरे ओवर में अक्षर पटेल का स्वागत छक्के से किया, लेकिन स्टार्क के खिलाफ चौका जड़ने के बावजूद कप्तान रुतुराज गायकवाड़ रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे। वह चौथे ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में 13 गेंदों पर छह रन बनाने के बाद एनगिडी की गेंद पर रिजवी को कैच दे बैठे। क्रीज पर आए उर्विल पटेल (17) ने पावरप्ले की आखिरी दो गेंदों पर एनगिडी के खिलाफ छक्के जड़े, जिससे छह ओवर के बाद टीम ने एक विकेट पर 44 रन बनाए।
उर्विल की पारी लंबी नहीं चली और अक्षर की गेंद पर राहुल ने शानदार तरीके से उन्हें स्टंप किया। सैमसन ने कुलदीप के खिलाफ डीप मिडविकेट के ऊपर से शानदार छक्का लगाकर आत्मविश्वास हासिल करने के बाद टी. नटराजन के पहले ओवर में दो चौके लगाए। पिछले मैच में नाबाद अर्धशतक जड़ने वाले कार्तिक शर्मा ने कुलदीप के खिलाफ कवर क्षेत्र के ऊपर से कमाल का छक्का लगाया।
दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों ने रनों पर अंकुश लगाना शुरू किया था कि सैमसन ने कुलदीप के खिलाफ लगातार दो छक्के और एक चौका लगाकर महज 31 गेंदों में कार्तिक के साथ अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। उन्होंने अगली गेंद पर एक रन चुराकर 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। पारी के इस 12वें ओवर से 18 रन आए। उन्होंने इसके बाद एनगिडी की धीमी गेंदों को रक्षात्मक तरीके से खेलने के बाद नटराजन के खिलाफ लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाकर मैच पर सुपरकिंग्स की पकड़ मजबूत कर दी।
कार्तिक शर्मा ने एनगिडी पर रचनात्मक चौका जड़ने के बाद स्टार्क के खिलाफ कवर क्षेत्र के ऊपर से शानदार चौका लगाकर सैमसन के साथ 61 गेंदों में शतकीय साझेदारी की। उन्होंने नटराजन के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी। पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद निसंका (19) ने हुसैन के खिलाफ दो चौके जड़ने के बाद चौथे ओवर में चौधरी की लगातार गेंदों पर चौका और लेग साइड में स्कूप शॉट पर छक्का लगाया।
बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने हालांकि ओवर की आखिरी गेंद पर निसंका को पवेलियन की राह दिखाकर सुपरकिंग्स को पहली सफलता दिलाई। पारी के छठे ओवर में हुसैन के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में राहुल गेंद को हवा में लहरा बैठे और गायकवाड़ ने आसान कैच लपका। दिल्ली कैपिटल्स ने पावर प्ले में दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवाकर सिर्फ 37 रन बनाए। करुण नायर ने अगले दो ओवरों में अंशुल कंबोज और नूर अहमद के खिलाफ आत्मविश्वास से भरे चौके के साथ टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया, लेकिन शॉर्ट फाइन लेग पर खड़े गुरजपनीत सिंह को आसान कैच देकर पवेलियन लौट गए। नीतिश राणा भी नूर के खिलाफ चौका जड़ने के बाद स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर खड़े कर्तिक शर्मा के हाथों कैच आउट हो गए।
गुरजपनीत की गेंद पर कवर क्षेत्र में नूरने स्टब्स का आसान कैच टपका दिया और दक्षिण अफ्रीका के इस बल्लेबाज ने एक रन पर मिले जीवनदान का फायदा अगली गेंद पर छक्का जड़कर उठाया। कप्तान अक्षर पटेल का खराब फॉर्म जारी रहा। वह गुरजपनीत की धीमी गेंद को पढ़ने में नाकाम रहे और हुसैन को आसान कैच दे बैठे, जिससे दिल्ली ने 11 ओवर में 69 रन तक पांच विकेट गंवा दिए। स्टब्स और ‘इंपैक्ट प्लेयर’ के तौर पर क्रीज पर आए रिजवी ने इसके बाद संभलकर बल्लेबाजी की। स्टब्स ने इस बीच गुरजपनीत की गेंद पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से शानदार छक्का और नूर के खिलाफ चौका लगाकर रनगति तेज करने की कोशिश की।
रिजवी ने 16वें ओवर में चौधरी के खिलाफ एक रन चुराकर टीम के रनों का शतक पूरा किया और फिर छक्का जड़कर अपने आक्रामक तेवर दिखाने शुरू किए। उन्होंने 18वें ओवर में चौधरी के खिलाफ छक्का लगाकर स्टब्स के साथ 39 गेंदों में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी करने के बाद ओवर की दूसरी गेंद पर फाइन लेग की दिशा में एक और छक्का जड़ा।
रिजवी ने जैमी ओवरटन की गेंद को हवा में लहरा दिया, लेकिन उनके और रुतुराज के बीच गफलत के कारण गेंद दोनों के बीच में गिर गई। हालांकि अगली ही गेंद पर ओवरटन ने स्टब्स को आउट कर दिया। आशुतोष ने आखिरी ओवर में कंबोज के खिलाफ दो छक्के जड़े, जबकि रिजवी ने मैच की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर ओवर से 20 रन बटोरते हुए दिल्ली के स्कोर को 150 के पार पहुंचाया।
