उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बदायूं-दिल्ली मार्ग पर बारातियों को ले जा रही एक निजी बस को गेहूं काटने वाली मशीन ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसके कारण दो लोगों की मौत हो गई और छह से अधिक लोग घायल हो गए। घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्री अपनी सीट समेत सड़क पर गिर गए। बस उसहैत क्षेत्र के वार्ड नंबर सात से मुजरिया के कोल्हई गांव बारात लेकर जा रही थी। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान साजिद (25) और फरहान (12) के रूप में हुई है, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। छह से अधिक घायलों को एंबुलेंस की मदद से राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदयेश कुमार कठेरिया ने कहा, “घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।” मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार ने मौतों की पुष्टि की और कहा कि छह घायलों का इलाज किया जा रहा है। यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए रात में दोनों वाहनों को सड़क से हटा दिया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights