छत्तीसगढ़ के भाटापारा शहर का सबसे व्यस्त इलाका ‘हटरी बाजार’ बीती देर रात धू-धू कर जल उठा। यहां स्थित एक व्यावसायिक परिसर (कमर्शियल बिल्डिंग) में अचानक भीषण आग लग गई जिसने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयानक हादसे में करोड़ों के नुकसान की आशंका है। वहीं, आग बुझाने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया जिसमें नगर सेना का एक जवान मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार हटरी बाजार स्थित एक व्यावसायिक भवन में देर रात आग लगने की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस और दमकल दल तत्काल मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग सबसे पहले कपड़े की दुकान में लगी जिसके बाद यह पास स्थित मोबाइल दुकान तक फैल गई। तेज गर्मी और हवाओं के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया।
आग पर नियंत्रण पाने के लिए भाटापारा और बलौदा बाजार की फायर ब्रिगेड के अलावा रवान स्थित अंबुजा सीमेंट तथा हिरमी स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट की दमकल इकाइयों को भी बुलाया गया। संयुक्त प्रयासों से राहत एवं बचाव कार्य चल रहा था तभी आग की तीव्र गर्मी के चलते पुरानी इमारत अचानक भरभराकर गिर पड़ी। इस हादसे में बलौदा बाजार नगर सेना के जवान कृष्णा खुंटे मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार देने के बाद रायपुर के एक निजी अस्पताल भेजा गया जहां उनका इलाज जारी है। बताया गया है कि उनके पैर में गंभीर चोट आई है। दमकल कर्मियों ने पूरी रात अभियान चलाकर आज सुबह आग पर पूर्णत: काबू पाया। घटना में कपड़े और मोबाइल कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि जिले में हाल के दिनों में आगजनी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले बलौदा बाजार क्षेत्र स्थित एक औद्योगिक प्रतिष्ठान में लगी भीषण आग को बुझाने के लिए बड़ी मात्रा में पानी और फोम का उपयोग करना पड़ा था।
