----------------

कानपुर, 25 जुलाई । बिठूर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

थाना प्रभारी अशोक सरोज ने बताया कि, मृतक की पहचान हरदोई जिले के संडीला निवासी सोने गौतम (27) के रूप में हुई है। वह बिठूर के मंधना क्षेत्र में रहकर काम करता था। घायल युवक की पहचान भोला लाल कमल के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया कि दोनों युवक देर रात काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और दोनों को कुचलते हुए निकल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोने गौतम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन के जरिए उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिवार में शोक का माहौल छा गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights