कंट्रोल रूम से लेकर हाईटेक कैमरों तक हर व्यवस्था का किया निरीक्षण, चेयरमैन जहीर फारुकी ने विकास कार्यों और सुरक्षा इंतजामों की दी विस्तृत जानकारी

 

संदीप शर्मा

पुरकाजी। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कंडारकर कमल किशोर ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) रेनू श्रीवास्तव के साथ पुरकाजी नगर पंचायत क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था, सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण की शुरुआत फलौदा क्षेत्र से हुई, जहां से अधिकारी कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करते हुए पुरकाजी पहुंचे। यहां नगर पंचायत कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम का जायजा लिया गया। कंट्रोल रूम में लगाए गए आधुनिक उपकरणों, निगरानी व्यवस्था और कैमरों के संचालन की जानकारी चेयरमैन जहीर फारुकी ने अधिकारियों को विस्तार से दी। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरे मार्ग पर आधुनिक तकनीक से लैस सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाएगी।


सीडीओ कंडारकर कमल किशोर ने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया और कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग देखकर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल आयोजन में तकनीक का बेहतर उपयोग सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाता है। उन्होंने नगर पंचायत द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाना सराहनीय पहल है।
इसके बाद अधिकारियों का दल भूराहेड़ी बाईपास पहुंचा, जहां कांवड़ मार्ग पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। सड़क की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, जलापूर्ति तथा अन्य व्यवस्थाओं को देखकर अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान भूराहेड़ी के प्रधान मोनू पंवार को भी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के दौरान चेयरमैन जहीर फारुकी ने नगर पंचायत द्वारा कांवड़ यात्रा को लेकर किए गए सभी कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है, मार्गों पर नियमित निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम को चौबीसों घंटे सक्रिय रखा जाएगा।


सीडीओ ने अधिकारियों और नगर पंचायत की टीम को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का दोबारा परीक्षण कर लिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित कांवड़ यात्रा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों से भी बातचीत कर आवश्यक निर्देश दिए और कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। नगर पंचायत की तैयारियों और तकनीकी व्यवस्थाओं को देखकर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया तथा समयबद्ध ढंग से कार्यों को पूरा करने पर टीम की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights