कौशांबी जिले के करारी थानाक्षेत्र में अरका गांव के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल की भिडंत में चाचा और भतीजे समेत 4 लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि दुर्घटना रात करीब 9 बजे हुई जब एक ही मोटरसाइकिल पर सवार 5 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए।
अपनों की पहचान और मौत का मंजर
पुलिस के मुताबिक, हताहतों की पहचान धनपारा गांव के राहुल (14), आकाश सरोज (25), अमन (22), छोटू (20) और विकास कैथवाल (18) के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि राहुल, आकाश सरोज, अमन और छोटू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास कैथवाल गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद इन सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनमें से 4 को मृत घोषित कर दिया।
फरार चालक और पुलिस की जांच
अधिकारियों ने बताया कि विकास का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद चालक ट्रॉली छोड़कर ट्रैक्टर लेकर भाग गया। एसपी ने कहा कि मंझनपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी को मार्ग पर तैनात पुलिस पिकेट और पुलिस प्रतिक्रिया वाहन (पीआरवी) की कार्यप्रणाली की जांच करने के लिए भी कहा गया है। पुलिस ने कहा कि मृतकों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है और शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
