झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने पर बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि चंपई सोरेन पर हेमंत सोरेन ने विश्वास किया, लेकिन इसी तरह के आचरण और व्यवहार के कारण लोगों पर विश्वास टूटता जा रहा है।

पप्पू यादव ने कहा कि भाजपा के पास कोई एजेंडा नहीं है। भाजपा पैसे के बदौलत तोड़-जोड़ और घटाव कर रही है… उन्हें अपने नेताओं पर भरोसा नहीं है। जब वे(भाजपा) हेमंत सोरेन को दबा नहीं पाए तो उन्होंने तोड़-जोड़ की राजनीति शुरू कर दी। बता दें कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने घोषणा करते हुए कहा है कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भाजपा में शामिल होंगे। शर्मा ने कहा कि सोरेन 30 अगस्त को रांची में पार्टी में शामिल होंगे। उन्होंने यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ सोरेन की मुलाकात की एक तस्वीर पोस्ट की। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के सह-प्रभारी शर्मा भी बैठक में शामिल थे।

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हमारे देश के दिग्गज आदिवासी नेता चंपई सोरेन जी ने कुछ समय पहले माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से मुलाकात की। वह 30 अगस्त को रांची में आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल होंगे।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights