कांग्रेस की गोवा ईकाई के नेता केतन भाटीकर का सर्पदंश से निधन हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। वह 38 वर्ष के थे। भाटीकर हाल में रद्द हुए पोंडा विधानसभा उपचुनाव में पार्टी का मुख्य चेहरा थे।

गोवा-कर्नाटक सीमा पर हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, घटना गुरुवार रात को हुई जब भाटीकर कर्नाटक के दांडेली गांव जा रहे थे। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ”भाटीकर किसी कारणवश गोवा-कर्नाटक सीमा पर स्थित करमल घाट पर वाहन से नीचे उतरे थे, तभी उन्हें सांप ने काट लिया। उन्हें तत्काल गोवा के धारबंदोरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।”
नेता प्रतिपक्ष ने जताया दुख
भाटीकर पोंडा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार थे, जिसे उच्च न्यायालय के एक फैसले के बाद रद्द कर दिया गया था। उन्होंने उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में एक विशेष अनुमति याचिका दायर की थी, जो शीर्ष अदालत में लंबित है। गोवा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यूरी अलेमाओ ने भाटीकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अलेमाओ ने कहा, ”जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को हमेशा याद रखा जाएगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।”

गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जीपीसीसी) ने भी अपने नेता को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पार्टी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हम पार्टी नेता डॉ. केतन भाटीकर के निधन से गहरे दुख में हैं। सार्वजनिक सेवा के प्रति उनके समर्पण और समाज के लिए उनके योगदान को हमेशा सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।” पार्टी ने कहा, ”ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।”

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights