मध्य प्रदेश के इंदौर के राजा और सोनम रघुवंशी की शिलांग में हनीमून के दौरान हुई गुमशुदगी अब एक रहस्य बन चुकी है। इस मामले की जांच पुलिस कर रही है, लेकिन परिवार की मांग है कि जांच केंद्रीय जांच एजेंसी CBI को सौंपी जाए। शिलांग पुलिस को इस मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिससे केस में नया मोड़ आया है।

हाल ही में यह खुलासा हुआ है कि राजा और सोनम को 23 मई की सुबह नोंग्रियाट गांव से लौटते हुए देखा गया था। इस दौरान उनके साथ तीन अन्य युवक भी थे। इस बात की जानकारी मावलखियात गांव के स्थानीय टूरिस्ट गाइड अल्बर्ट पीडी ने दी। अल्बर्ट के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे उन्होंने राजा को तीन लड़कों के साथ चलते हुए देखा, जबकि सोनम थोड़ा पीछे चल रही थी।

इस दौरान वे लोग हिंदी में बातचीत कर रहे थे, जिससे ऐसा लगा कि वे एक-दूसरे को जानते हैं और दोस्ताना माहौल था। हालांकि अल्बर्ट को उनकी बातचीत का पूरा अर्थ समझ में नहीं आया क्योंकि वे हिंदी में बात कर रहे थे और वह पूरी तरह हिंदी नहीं जानता।

अल्बर्ट ने यह भी बताया कि 22 मई को वह दो पर्यटकों को छोड़ने के लिए नोंग्रियाट गया था और उस रात राजा-सोनम उससे मिले थे। जब 23 मई को उन्होंने गाइड सर्विस की पेशकश की, तो दोनों ने इसे मना कर दिया था।

इस नई जानकारी से जांच में कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या यह तीन युवक किसी प्रकार की भूमिका निभा रहे हैं? क्या इन्हीं के कारण राजा-सोनम की लापता होने की घटना हुई? परिवार और पुलिस दोनों इस मामले में हर पहलू को गंभीरता से देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights