उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ रोड स्थित नवीन फल मंडी गेट के बाहर बीती देर रात भीषण आग लगने से 8 दुकान जल कर राख हो गईं। मंडी गेट के बाहर टीन शेड और लोहे के खोखों में बनी दुकानों में रात करीब 2 बजे अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक दुकान से उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते करीब 8 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। आग बुझाने के दौरान दुकानों में रखे एक कमर्शियल और 3 घरेलू गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गए, जिनमें से 2 सिलेंडर फटने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए अन्य सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में मनोज कुमार, राजू गुप्ता, गजरानी, सुमित पाल, रिंकू प्रजापति और रमाकांत की दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। दुकानदारों के अनुसार फास्ट फूड, मिठाई और परचून का लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया। जिला अग्निशमन अधिकारी शिवराम यादव ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
