उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक 90 साल की बुजुर्ग महिला शैल कुमारी की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना अलीगंज थाना क्षेत्र के त्रिवेणी नगर की है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला की जब हत्या हुई तो वह घर में अकेली थी।  इस वारदात को एक या उससे ज्यादा बदमाशों ने अंजाम दिया है, इसकी जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर इस महिला का कौन दुश्मन हो सकता है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि घर में किसी भी तरह की लूटपाट नहीं हुई है। आशंका जताई जा रही है कि शायद प्रॉपर्टी को लेकर कोई विवाद हो, जिसके तहत महिला को मौत के घाट उतारा गया है। लेकिन अभी तक किसी भी बात कोई पुष्टि नहीं हुई है। हैरान कर देने वाली बात यह है कि मृतक महिला के 4 बेटे हैं। जिनमें से एक बेटा रमेश अपने परिवार के साथ लंदन में रहता है। दूसरा बेटा मुकेश चंद्र शर्मा जो फॉरेंसिक विभाग से रिटायर्ड है डिप्टी डायरेक्टर के पद पर रहा है, अपने परिवार के साथ लखनऊ के ही जानकीपुरम इलाके में रहता है। जबकि, बाकी दोनों बेटे आलोक और महेश भी अपने-अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं।

परिजनों की मानें तो सुबह उनकी बुजुर्ग महिला से फोन पर बात हुई। लेकिन शाम को जब उन्होंने कई बार काल की और महिला ने मोबाइल नहीं उठाया तो उन्होंने पड़ोसियों को फोन किया। जिसके बाद जब पड़ोसी घर में गए तो देखा कि शैल कुमारी जमीन पर खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। उन्होंने तुरंत इस बात की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद  मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और मामले की जांच में जुट गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights