उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां पीड़ी नगर इलाके में रहने वाली 30 वर्षीय एकता (आरती) ने अपने पति की मौत के सदमे में फांसी लगाकर जान दे दी। सुसाइड से ठीक पहले एकता ने एक मोबाइल वीडियो बनाया, जिसमें उनका दर्द छलक उठा।

मोहब्बत और तन्हाई की दास्तां
मिली जानकारी के अनुसार, एकता की शादी 7 साल पहले आलोक (बबलू) के साथ हुई थी। दोनों के बीच गहरा प्रेम था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। बीते 2 मार्च को आलोक की हार्ट अटैक से अचानक मौत हो गई। पति की मौत के बाद एकता पूरी तरह टूट चुकी थीं।

वीडियो में कहा- ‘अंतिम संस्कार अच्छे से कर देना’
जान देने से पहले एकता ने 1 मिनट 9 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। भरे गले से उन्होंने कहा कि मेरा अंतिम संस्कार अच्छे से कर देना। मैं अपने पति के बिना नहीं जी सकती। एक औरत के तीन ही सहारे होते हैं— मां-बाप, पति और बच्चा। मेरे पास अब इनमें से कोई नहीं है।

अकेलेपन ने छीनी जिंदगी
एकता के माता-पिता का साया पहले ही सिर से उठ चुका था और उनकी कोई संतान भी नहीं थी। पति की मौत के बाद वह घर में बिल्कुल अकेली रह गई थीं। पड़ोसियों ने बताया कि पिछले 12 दिनों से वह गुमसुम थीं और खुद को कमरे में बंद रखती थीं।

कैसे पता चला हादसा?
हादसे का पता तब चला जब पड़ोसियों ने एकता का आखिरी वीडियो उनके सोशल मीडिया स्टेटस पर देखा। पड़ोसी संजीव तिवारी ने उन्हें फोन करने की कोशिश की, लेकिन नंबर व्यस्त मिला। जब लोग घर पहुंचे, तो एकता फंदे से लटक चुकी थीं। पुलिस को तुरंत सूचित किया गया और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Verified by MonsterInsights