बाराबंकी 01 सितंबर । जिले में रामनगर के लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-28 सी पर रानी बाजार के निकट मंगलवार को बारिश के बीच दो रोडवेज बसों की आमने-सामने टक्कर हाे गई। हादसे में मां की आंखों के सामने उसके पांच वर्षीय मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री घायल हाे गये। पुलिस ने शव काे पाेस्टमार्टम भेजकर घायलाें काे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
रामनगर थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कैसरबाग डिपो की रोडवेज बस सवारियाें काे लेकर बहराइच से लखनऊ जा रही थी, जबकि बाराबंकी डिपो की बस यात्रियों को लेकर बाराबंकी से रामनगर की ओर जा रही थी। रानी बाजार के पास दोनों बसें आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में कुम्हरवा निवासी आशीष कुमार के पांच वर्षीय पुत्र आर्यन की मौत हो गई। आर्यन अपनी मां पूजा के साथ बाराबंकी से कुम्हरवा जा रहा था। हादसे के बाद बदहवास पूजा ने बताया कि बस तेज गति से चल रही थी। अचानक जोरदार टक्कर के बाद वह और उसका बेटा अपनी सीट से नीचे गिर गए। मासूम आर्यन को गंभीर चोटें आईं और उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर भेजा गया, जबकि कुछ यात्रियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव भी पहुंचाया गया। घायलों में वंदना पांडे, राजेश कुमार (57), सोफिया राजकुमारी (60), शिवम (26), कन्हैयालाल (65), राहुल पांडे (28) और शिवम (25) सहित कई यात्री शामिल हैं। अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि रानी बाजार के पास दो रोडवेज बसों की आमने-सामने टक्कर हुई है। हादसे में करीब 12 दर्जन यात्री घायल हुए हैं, जबकि एक पांच वर्षीय बच्चे की मौत हुई है। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजकर उपचार कराया जा रहा है।
