कृष्ण-सुदामा की मित्रता, प्रेम और समर्पण के प्रसंगों से गूंजा रेशु प्रांगण, सात दिवसीय भागवत कथा को भक्तिमय वातावरण में विश्राम, 20 नवंबर को हवन और महाप्रसाद।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। भगवान और भक्त के बीच प्रेम का रिश्ता न धन से बंधता है, न वैभव से, बल्कि सच्ची श्रद्धा और समर्पण से भगवान अपने भक्त के हृदय में विराजते हैं। रेशु विहार स्थित रेशु प्रांगण में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के सातवें दिन श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा व्यास शांतनु जी महाराज ने भक्ति, संस्कार, प्रेम और जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश देते हुए सात दिवसीय कथा को विश्राम दिया। महाराज ने कहा कि संसार में शरीर नश्वर है, लेकिन आत्मा अमर और अजर है। मनुष्य को पशु बुद्धि का त्याग कर विवेक, सदाचार और धर्म के मार्ग पर जीवन व्यतीत करना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों को संदेश दिया कि बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि खेल, कहानियों और धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से संस्कार भी दिए जाने चाहिए, ताकि उनमें बचपन से ही अच्छे विचार और नैतिक मूल्यों का विकास हो। कथा में भगवान श्रीकृष्ण के विवाह प्रसंगों, प्रद्युम्न जन्म, जाम्बवंत और स्यमंतक मणि की कथा, सत्यभामा, रुक्मिणी सहित भगवान की आठ पटरानियों तथा नरकासुर से मुक्त कराई गई राजकुमारियों के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा धर्म की स्थापना और पांडवों के राजसूय यज्ञ में सहयोग के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को धर्म और कर्तव्य की प्रेरणा दी। सुदामा चरित्र का वर्णन करते हुए महाराज ने बताया कि अत्यंत निर्धन होने के बावजूद सुदामा भगवान का भजन और स्मरण करते रहे। पत्नी सुशीला के आग्रह पर मुट्ठीभर चावल लेकर द्वारका पहुंचे सुदामा का भगवान श्रीकृष्ण ने जिस प्रेम और आत्मीयता से स्वागत किया, वह मित्रता और भक्तवत्सलता की अनुपम मिसाल है। भगवान ने अपने भक्त की निस्वार्थ भावना को स्वीकार कर उसका जीवन सुख-समृद्धि से भर दिया। कथा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। रेशु परिवार की ओर से भक्तों का अभिनंदन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार सिंह, पूर्व मंत्री सुरेश राणा, कवयित्री अनामिका अंबर जैन, पूर्व पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने कथा श्रवण किया। कथा को विश्राम देने के बाद 20 नवंबर को सुबह 9 बजे हवन तथा दोपहर 12 बजे महाप्रसाद का आयोजन होगा।
