sports-football-fifa-worldcup-messi-yamal-

न्यूयॉर्क, 18 जुलाई । फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने स्पेन के युवा स्टार लामिन यामल की खुलकर सराहना की। मेसी ने कहा कि यामल एक असाधारण खिलाड़ी हैं और भविष्य में इतिहास रचने की क्षमता रखते हैं। हालांकि उन्होंने मुस्कुराते हुए यह भी कहा कि फाइनल में वह ऐसा नहीं होने देना चाहेंगे।

फाइनल की पूर्व संध्या पर फीफा ने न्यूयॉर्क के हडसन नदी के किनारे स्थित जैविट्स सेंटर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में मेसी, अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी, गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज, स्पेन के मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते और कप्तान रोद्री ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन इंग्लैंड के पूर्व फुटबॉलर रियो फर्डिनेंड और हास्य कलाकार केविन हार्ट ने किया, जबकि टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच, एनएफएल दिग्गज टॉम ब्रैडी और एनबीए स्टार केविन ड्यूरेंट ने खिलाड़ियों से बातचीत की।

यामल को बताया शानदार खिलाड़ी

कार्यक्रम के दौरान टॉम ब्रैडी ने वह चर्चित तस्वीर याद दिलाई, जिसमें 20 वर्षीय मेसी एक चैरिटी फोटोशूट के दौरान बच्चे लामिन यामल को नहलाते हुए दिखाई दिए थे।

इस पर मेसी ने कहा, “लामिन वास्तव में शानदार खिलाड़ी है। मैं उसे काफी समय से देख रहा हूं क्योंकि वह उस क्लब के लिए खेलता है, जिससे मुझे बेहद लगाव है। उसके पास इतिहास रचने का मौका है। हम कोशिश करेंगे कि इस बार ऐसा न हो।”

उन्होंने मुस्कुराते हुए आगे कहा, “हम अच्छा मुकाबला खेलना चाहेंगे, लेकिन उम्मीद है कि वह और उनकी टीम अच्छा प्रदर्शन न करें।”

स्कालोनी ने की स्पेन के कोच की सराहना

कार्यक्रम के बाद अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने स्पेन के कोच लुइस डे ला फुएंते से मुलाकात कर उन्हें गले लगाया। बाद में स्कालोनी ने कहा, “मैं यहां केवल लुइस की वजह से आया हूं। मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं और उनकी प्रशंसा करता हूं।”

विश्व कप फाइनल से पहले आयोजित इस कार्यक्रम में फुटबॉल और अन्य खेलों की कई बड़ी हस्तियां एक मंच पर नजर आईं। वहीं, अर्जेंटीना की टीम लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतने के लक्ष्य के साथ फाइनल में उतरेगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights