sports-badminton-denmark-open-2026-india

ओडेंस (डेनमार्क), 17 अक्टूबर । डेनमार्क ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का अभियान शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। महिला एकल में तन्वी शर्मा और महिला युगल में त्रीसा जॉली तथा गायत्री गोपीचंद को हार का सामना करना पड़ा।

भारत की आखिरी उम्मीद तन्वी शर्मा को महिला एकल क्वार्टर फाइनल में विश्व की नंबर एक और शीर्ष वरीयता प्राप्त दक्षिण कोरिया की आन से यंग ने 21-15, 21-13 से हराया। 38 मिनट तक चले मुकाबले में विश्व रैंकिंग में 24वें स्थान पर काबिज तन्वी ने शुरुआत में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन वह अपनी लय बरकरार नहीं रख सकीं।

इससे पहले महिला युगल में भारत की त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी को मलेशिया की पर्ली टैन और थिनाह मुरलीधरन के खिलाफ 14-21, 21-17, 21-11 से हार झेलनी पड़ी।

विश्व रैंकिंग में 18वें स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी ने मुकाबले की अच्छी शुरुआत की और पहले गेम के मध्यांतर तक 11-7 की बढ़त बना ली। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पहला गेम आसानी से अपने नाम किया। हालांकि, विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर मौजूद मलेशियाई जोड़ी ने दूसरे गेम में वापसी करते हुए मुकाबला बराबर कर दिया। निर्णायक गेम में पर्ली और थिनाह ने दबदबा बनाते हुए भारतीय जोड़ी को उलटफेर करने का मौका नहीं दिया।

मलेशियाई जोड़ी ने इसी महीने जापान में हुए एशियाई खेलों के क्वार्टर फाइनल में भी त्रीसा और गायत्री को हराकर बाहर का रास्ता दिखाया था।

इससे पहले भारत के कई प्रमुख खिलाड़ी टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में ही बाहर हो गए थे। इनमें पीवी सिंधु, उन्नति हुड्डा, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी, लक्ष्य सेन तथा आयुष शेट्टी शामिल हैं। पुरुष एकल में किदांबी श्रीकांत ने दूसरे दौर तक जगह बनाई, लेकिन वहां उन्हें फ्रांस के मौजूदा विश्व चैंपियन एलेक्स लानियर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अब 20 से 25 अक्टूबर तक होने वाले फ्रेंच ओपन में चुनौती पेश करेंगे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights