मुजफ्फरनगर। कार्तिक मास के पावन पर्व पर थाना भोपा क्षेत्र स्थित पवित्र तीर्थ स्थल शुक्रताल में आयोजित गंगा स्नान मेले की सुरक्षा और व्यवस्था का निरीक्षण मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल ने किया। उन्होंने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर पुलिस और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने मुख्य स्नान घाट, पार्किंग स्थल, कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र, मार्गों और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और आमजन के प्रति शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, लाउडहेलिंग सिस्टम और बैरिकेडिंग को लगातार सक्रिय रखने पर जोर दिया।महोदय ने श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और मेला व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया।

श्रद्धालुओं ने पुलिस और प्रशासन की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि इस बार मेला अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित दिखाई दे रहा है।एसपी ग्रामीण ने सफाई कर्मियों से भी बातचीत की और उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही श्रद्धा का प्रथम प्रतीक है, अतः प्रत्येक कर्मी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाए।निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा, क्षेत्राधिकारी खतौली राम आशीष यादव, क्षेत्राधिकारी भोपा देवव्रत वाजपेई, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रवि शंकर, क्षेत्राधिकारी प्रशिक्षु मनोज गंगवार सहित कई पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
