मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर अभिनन्दन के निर्देशन में जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद । सोमवार को सावन माह के अंतिम सोमवार के अवसर पर जनपद सहारनपुर के विभिन्न प्रमुख मंदिरों एवं शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के दर्शन एवं जलाभिषेक हेतु पहुंचने के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर श्री अभिनन्दन के निर्देशन में जनपद में व्यापक एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, मंदिर परिसरों में शांति एवं कानून- व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की ड्यूटियां लगाई गई हैं। संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण एवं निगरानी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। वही ड्रोन कैमरों के माध्यम से प्रमुख मंदिरों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल द्वारा लगातार सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत महिला पुलिस कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। एंटी रोमियो टीम एवं मिशन शक्ति टीम द्वारा भीड़भाड़ वाले स्थानों, मंदिर परिसरों एवं आसपास के बाजारों में लगातार भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के दृष्टिगत प्रमुख मार्गों एवं मंदिरों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु यातायात पुलिस एवं स्थानीय पुलिस द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार यातायात का डायवर्जन एवं भीड़ नियंत्रण की कार्यवाही की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा है तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूर्ण सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।सहारनपुर पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील है कि मंदिरों में दर्शन एवं जलाभिषेक के दौरान पुलिस- प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा एवं यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें, भीड़ में धैर्य बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
