सैफ चैंपियनशिप 2023 का दूसरा सेमीफाइनल मुक़ाबला भारत और लेबनान के बीच खेला गया। बैंगलोर के श्री कांतीरवा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लेबनान को पेनाल्टी शूटआउट में 4-2 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया फाइनल में पहुंच गई। वहां उसका मुकाबला चार जुलाई को कुवैत से होगा।

इस हाईवोल्टेज मुक़ाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित 90 मिनट तक 0-0 की बराबरी के बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में चला गया। एक्स्ट्रा टाइम में भी दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर पाईं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में मैच का फैसला हुआ। पेनल्टी में भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते मैच को अपने नाम कर लिया।

भारत अबतक इस टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा है। इससे पहले इस टूर्नामेंट में जब भारत और कुवैत की टीमें भिड़ी थी तो मुकाबला 1-1 से बराबरी पर खत्म हुआ था। जबकि कुवैत से पहले भारत ने नेपाल को हराया था। उस मैच में सुनील छेत्री की टीम ने नेपाल को 2-0 से शिकस्त दी थी। नेपाल के खिलाफ कप्तान सुनील छेत्री और महेश सिंह ने गोल दागे थे।

भारत 13वीं बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा है। वह सबसे ज्यादा आठ बार चैंपियन बना है। चार बार टीम उप-विजेता रही है। सुनील छेत्री की कप्तानी में भारतीय टीम की नजर नौवीं बार चैंपियन बनने पर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights