छपार। रामपुर तिराहे पर स्थित एक नर्सिंग होम में डिलीवरी के दौरान महिला की मौत हो गई। चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने जोरदार हंगामा कर विरोध जताया। इस दौरान छपार थाना प्रभारी के साथ ही सीओ सदर व डिप्टी सीएमओ के नेतृत्व में टीम नर्सिंग होम पर पहुंची, पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भिजवाया गया।
रामपुर तिराहे पर राजमार्ग के किनारे भारद्वाज नर्सिंग होम नामक एक नर्सिंग होम वर्षों से कार्यरत है,जहां हरिद्वार जनपद के रोशनाबाद थाना क्षेत्र तिहिरा गांव निवासी 35 वर्षीया महिला कोमल पत्नी नीटू पाल को डिलीवरी हेतु रामपुर तिराहे के भारद्वाज नर्सिंग होम पर कल सुबह 11:00 बजे लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि यहां तैनात एक कर्मी उनका जान पहचान का था जो बढ़िया चिकित्सक बताकर उन्हें बहला फुसलाकार डिलीवरी के लिए यहां लेकर आया था।
परिजनों का आरोप है की रात 9:00 बजे पहले अल्ट्रासाउंड करा कर ,फिर महिला का ऑपरेशन करने की बात कही परिजनों ने चिकित्सकों की स्थिति को देख नाराजगी जाहिर की। लेकिन इसके बावजूद चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर दिया। महिला के पिता राजेंद्र पाल निवासी खूबापुर थाना मंसूरपुर ने बताया कि चिकित्सा के दौरान लापरवाही बरती गई, इस दौरान महिला की स्थिति खराब होने पर तमाम स्टाफ रात में ही मरीज को रेफर करने की बात कह कर वहां से फरार हो गया। मरीज की गंभीर स्थिति को देख परिजन महिला को पहले मुजफ्फरनगर के डिवाइन अस्पताल फिर मेरठ के सुभारती अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद नाराज परिजन सुबह 5:00 बजे रामपुर तिराहा स्थित भारद्वाज नर्सिंग होम पर पहुंचे तथा शव को अस्पताल के सामने रख, हंगामा किया। इस दौरान सूचना पर रामपुर तिराहा पुलिस चौकी इंचार्ज रूपेश कुमार,छपार थाना अध्यक्ष मोहित सहारावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक स्टाफ गायब हो चुका था इस दौरान पुलिस ने अस्पताल के मालिक पंकज शर्मा को हिरासत में लिया गया जिसने बताया कि उसने उक्त अस्पताल सुमित पाल नाम के एक व्यक्ति को किराए पर दिया हुआ है घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सदर विनय कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे। सीओ ने परिजनों को समझाया तथा पुलिस को शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने को निर्देशित किया | सीओ सदर विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले में स्वास्थ्य विभाग को जानकारी देकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सभी दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। घटना की जानकारी मिलने पर डिप्टी सीएमओ महक सिंह, डॉ आकाश त्यागी आदि स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे तथा परिजनों से जानकारी ली। इस दौरान मृतक की बड़ी बहन निधि ने बताया कि चिकित्सकों की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। महिला कोमल की मौत से परिजनों में तीखा रोष बना था। महिला के पति नीटू पाल ने बताया कि महिला कोमल की डिलीवरी होनी थी। इस दौरान बच्ची पैदा हुई जो स्वस्थ है। महिला की यह तीसरी डिलीवरी थी, पहले से एक 5 वर्षीय बालिका 2 वर्षीय पुत्र महिला के थे। परिजनों को पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
लंबे समय से राजमार्ग पर चल रहा है नर्सिंग होम
वर्षों से राजमार्ग के किनारे भारद्वाज नर्सिंग होम संचालित हुआ है, बताया गया कि पहले मुजफ्फरनगर की एक नर्स ने यह अस्पताल खोला हुआ था, जिसे अब कोई व्यक्ति ठेके पर चला रहा था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी दावा कर रहे हैं की जांच के बाद अब सख्त कार्रवाई की जाएगी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की नाक के नीचे चल रहे नर्सिंग होम अस्पतालों की जांच पर सवाल खड़े हो रहे हैं | उक्त अस्पताल में भी पहले कोई और था अब कोई और है। कौन वैध चिकित्सक है, इसकी भी जांच होनी जरूरी है।
