politics-building-a-viksit-bharat

नई दिल्ली, 08 सितंबर । दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों राजनीति को दूर से न देखें, इसमें भाग लें और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। यह बात विजेंद्र गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा के युवा संपर्क कार्यक्रम के अंतर्गत दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए कही। लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी के महत्व पर जोर देते हुए गुप्ता ने विद्यार्थियों से केवल राजनीति और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के दर्शक बने रहने के बजाय सार्वजनिक जीवन, सुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय रूप से योगदान देने का आह्वान किया।

राजधानी कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, लॉ सेंटर-I और शिवाजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने युवा संपर्क कार्यक्रम के अंतर्गत दिल्ली विधानसभा का भ्रमण किया और विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के साथ संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक भागीदारी तथा सदन की कार्यवाही के सुचारु संचालन में विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर संवाद किया।

नेता प्रतिपक्ष से विधानसभा अध्यक्ष बनने तक के अपने सफर के संबंध में एक छात्र द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर देते हुए गुप्ता ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनका अनुभव चुनौतियों से भरा रहा, लेकिन इस अनुभव ने उन्हें यह सुनिश्चित करने के लिए और अधिक दृढ़ संकल्पित किया कि विधानसभा अध्यक्ष के रूप में सदन के प्रत्येक सदस्य को अपनी बात रखने का उचित और सार्थक अवसर मिले।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनके अनुभवों ने आज सदन की कार्यवाही संचालित करने के उनके दृष्टिकोण को प्रभावित किया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राजनीतिक दल से सदन के प्रत्येक सदस्य को अपने विचार रखने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के रूप में वे संसदीय नियमों और प्रक्रियाओं के दायरे में यह सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास करते हैं कि प्रत्येक सदस्य की बात सुनी जाए।

विद्यार्थियों ने दिल्ली विधानसभा के ऐतिहासिक परिसर का निर्देशित भ्रमण किया तथा इसकी समृद्ध स्थापत्य एवं संस्थागत विरासत के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को इस भवन के तत्कालीन केंद्रीय विधान सभा से जुड़े ऐतिहासिक संबंधों तथा इससे जुड़ी महत्वपूर्ण संसदीय विभूतियों और ऐतिहासिक घटनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया।

विद्यार्थियों को विधानसभा की स्मारिका कॉफी टेबल बुक “एक शताब्दी यात्रा” से भी परिचित कराया गया, जिसमें विधानसभा की ऐतिहासिक यात्रा और समृद्ध विरासत को संजोया गया है। विद्यार्थियों ने मुख्य विधानसभा सदन का भी भ्रमण किया, जहाँ उन्होंने उस स्थान को प्रत्यक्ष रूप से देखा, जहां सदन की विधायी बहसें और कार्यवाही संचालित होती हैं तथा उन्हें सदन के कामकाज को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।

विजेंद्र गुप्ता ने उन्हें लोकतांत्रिक संस्थाओं से निरंतर जुड़े रहने और जनहित के विषयों की एक जागरूक एवं सूचित समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक जीवन में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा अपने ज्ञान, विचारों और ऊर्जा के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights