pending-case-speed-disposl-cdo

मुरादाबाद, 24 अगस्त । मुरादाबाद जनपद की क्षेत्र पंचायतों से संबंधित ऑडिट प्रपत्रों एवं लंबित ऑडिट आपत्तियों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जनपद के विभिन्न विकास खंडों में लंबित ऑडिट आपत्तियों/प्रपत्रों की स्थिति की विकास खंडवार विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने कहा कि लंबित ऑडिट प्रकरणों का अभिलेखों के आधार पर प्राथमिकता के साथ परीक्षण कर उनका नियमानुसार तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुराने लंबित प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और जहां भी अभिलेख अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हों, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई पूरी की जाए।

समीक्षा के दौरान सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 के 12, वर्ष 2019-20 के 05 तथा वर्ष 2020-21 के 86 ऑडिट प्रपत्र लंबित हैं। इस प्रकार कुल 103 ऑडिट प्रपत्र वर्तमान में लंबित पाए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन सभी प्रकरणों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण आवास, आंगनबाड़ी केंद्र, फैमिली आईडी, पेंशन, कृषि, क्षेत्र पंचायत, ग्राम पंचायत, विद्यालय प्रेरणा ऐप तथा गो आश्रय स्थल से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिला विकास अधिकारी श्वेतांक पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा, जिला विकास कार्यालय के लेखाकार अनुज सिंह सहित विभिन्न विकास खंडों में तैनात लेखाकार एवं संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

विकास कार्यों एवं योजनाओं की भी हुई विस्तृत समीक्षा

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विकास खंड भगतपुर टांडा में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। खंड विकास अधिकारी संजय कुमार शर्मा द्वारा ग्राम पंचायतों में संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति संबंधी प्रजेंटेशन दिया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights