football-saff-cham-ind-pak

ढाका, 05 नवंबर । गत चैंपियन भारतीय फुटबॉल टीम ने सैफ चैंपियनशिप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान का शुरुआत की है। गुरुवार को बांग्लादेश के ढाका स्थित नेशनल स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-बी के पहले मुकाबले में भारत ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से शिकस्त दी।

भारतीय टीम ने पहले हाफ में तीन गोल दागकर मजबूत बढ़त बना ली थी लेकिन पाकिस्तान ने इंजरी टाइम में दो गोल कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। हालांकि, भारत ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की।

मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाया। 13वें मिनट में सुहैल अहमद भट ने पाकिस्तानी रक्षापंक्ति को भेदते हुए शानदार गोल किया और भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके छह मिनट बाद यानी 19वें मिनट में सुहैल ने एक और गोल दागकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। भारतीय टीम ने आक्रमण जारी रखा और 31वें मिनट में मैंगलेंथांग किपगेन ने बेहतरीन गोल करते हुए स्कोर 3-0 कर दिया।

दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने खेल पर अपना नियंत्रण बनाए रखा। हालांकि, भारत अपनी बढ़त में इजाफा नहीं कर सका लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने भी पाकिस्तान को गोल का कोई मौका नहीं दिया।

मुकाबले के इंजरी टाइम में पाकिस्तान ने अचानक वापसी की कोशिश की। नजीब उल्लाह ने 90+1वें मिनट में गोल कर पाकिस्तान का खाता खोला। इसके तीन मिनट बाद 90+4वें मिनट में आलमगीर गाजी ने दूसरा गोल दागकर स्कोर 3-2 कर दिया। लगातार दो गोल खाने के बाद भारतीय खेमे पर दबाव बढ़ गया लेकिन खिलाड़ियों ने संयम बनाए रखा और अंत तक अपनी बढ़त बरकरार रखी। इस तरह भारत ने मुकाबला 3-2 से अपने नाम कर लिया।

भारतीय टीम अब अपना अगला मुकाबला 11 नवंबर को ढाका के नेशनल स्टेडियम में मालदीव के खिलाफ खेलेगी। टूर्नामेंट के प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।————-

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights