नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एन.टी.ए.) ने नीट यू.जी.-2026 की दोबारा परीक्षा की तारीख घोषित करने के बाद अब देशभर के लाखों विद्यार्थियों को एक और बड़ी सहूलियत दी है। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों के बाद आगामी 21 जून को होने जा रहे री-एग्जाम को लेकर छात्रों में परीक्षा केंद्र और यात्रा को लेकर काफी असमंजस था। विद्यार्थियों की इसी बड़ी चिंता को दूर करते हुए एन.टी.ए. ने अब परीक्षा शहर (एग्जाम सिटी) चुनने और अपना वर्तमान पता बदलने की विंडो आधिकारिक तौर पर खोल दी है।
एजेंसी द्वारा दी गई इस सहूलियत के बाद अब प्रभावित उम्मीदवार 21 मई की रात 11.50 बजे तक नीट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी पहले चुनी गई एग्जाम सिटी को ऑनलाइन बदल सकते हैं। एन.टी.ए. ने स्पष्ट किया है कि जो उम्मीदवार इस तय समय सीमा के भीतर इस सुविधा का लाभ नहीं उठाएंगे, उनके लिए पहले से चुना गया परीक्षा शहर ही मान्य रहेगा।
अतिरिक्त यात्रा और ट्रेन टिकट के खर्च से मिलेगी राहत
दरअसल नीट दोबारा कराए जाने की घोषणा के बाद से ही सोशल मीडिया पर छात्र और अभिभावक परीक्षा केंद्रों को लेकर लगातार सवाल उठा रहे थे। कई उम्मीदवारों की चिंता थी कि यदि उन्हें किसी दूसरे शहर में परीक्षा केंद्र आबंटित कर दिया गया तो ऐन वक्त पर ट्रेन की टिकट बुक कराने और वहां रहने-खाने का अतिरिक्त आर्थिक बोझ कौन उठाएगा। इसके अलावा कई विद्यार्थी कोचिंग या पढ़ाई के सिलसिले में दूसरे शहरों में रहते हैं और परीक्षा के समय अपने गृह नगर लौट आते हैं। एन.टी.ए. द्वारा अपनी पसंद का परीक्षा शहर चुनने और एड्रैस बदलने का विकल्प दिए जाने से अब लाखों छात्रों को राहत मिलेगी और वे अपने नजदीकी क्षेत्र में ही परीक्षा दे सकेंगे।
केवल वर्तमान पता और परीक्षा शहर बदलने की अनुमति, कोई फीस नहीं
एन.टी.ए. ने अपने नोटिफिकेशन में साफ किया है कि इस कैरेक्शन विंडो के दौरान केवल वर्तमान पता और परीक्षा शहर में ही बदलाव करने की अनुमति होगी। इसके अलावा छात्र के फॉर्म में दर्ज किसी भी अन्य जानकारी में सुधार नहीं किया जा सकेगा और 21 मई के बाद किसी भी तरह के बदलाव का अनुरोध स्वीकार नहीं होगा। छात्रों के लिए राहत की बात यह भी है कि इस पूरी प्रक्रिया के लिए उनसे कोई अतिरिक्त फीस या चार्ज नहीं लिया जाएगा।
15 मिनट का एक्स्ट्रा टाइम मिलेगा, पुराना रजिस्ट्रेशन ही रहेगा मान्य
विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा के लिए किसी भी तरह का नया फॉर्म भरने या नया रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं है। मई 2026 में जिन करीब 22 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी, उनका पुराना रजिस्ट्रेशन ही री-एग्जाम के लिए पूरी तरह मान्य रहेगा। इसके साथ ही एन.टी.ए. ने परीक्षा की औपचारिकताओं को ध्यान में रखते हुए इस बार छात्रों को 15 मिनट का एक्स्ट्रा टाइम देने का फैसला किया है। अब यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5.15 बजे तक चलेगी और पहले की तरह ही पैन-पेपर मोड (ऑफलाइन) में आयोजित की जाएगी। एन.टी.ए. ने बताया कि परीक्षा शहर की सटीक सूचना और एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख बाद में वेबसाइट पर घोषित की जाएगी।
अगले साल से पूरी तरह ऑनलाइन होगी नीट परीक्षा
इस बीच शिक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि अगले साल से नीट परीक्षा में ओ.एम.आर. सिस्टम को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा और परीक्षा पूरी तरह से ऑनलाइन कम्प्यूटर बेस्ड मोड पर आयोजित होगी। सरकार का उद्देश्य परीक्षा माफिया के नैटवर्क को तोड़ना और पूरे सिस्टम को पूरी तरह सुरक्षित बनाना है ताकि प्रश्नपत्र लीक होने की संभावना को जड़ से खत्म किया जा सके।
