मुजफ्फरनगर। थाना तितावी पुलिस ने हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों से सांठ-गांठ कर यूज़्ड मोबिआइल (काला तेल) चोरी कर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 27,400 लीटर काला तेल, एक टैंकर, 68 ड्रम, अवैध तमंचा, 36,150 रुपये नकद, मोबाइल फोन तथा तेल चोरी करने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए। बरामद तेल की अनुमानित कीमत 11.36 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल और क्षेत्राधिकारी फुगाना नीरज सिंह के मार्गदर्शन पर थानाध्यक्ष पवन कुमार की टीम ने की।घटना उस समय सामने आई जब 11 दिसंबर की शाम पानीपत–खटीमा मार्ग पर गश्त के दौरान पुलिस ने जय त्रिदेव होटल के पास हाईवे किनारे खड़े एक टैंकर से कुछ व्यक्तियों को पाइप लगाकर तेल निकालते देखा। शक होने पर पुलिस ने पूछताछ की तो तीन लोगों ने स्वीकार किया कि वे टैंकर से काला तेल निकाल रहे थे और उनके दो साथी पास के यार्ड में भूमिगत टैंकर में तेल छिपाकर रखे हुए हैं। पुलिस ने बताए गए स्थान से दो और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

मौके से पुलिस को एक टैंकर में 23,000 लीटर काला तेल, भूमिगत टैंकर में 4,000 लीटर तेल, 400 लीटर ड्रम में भरा तेल, 68 खाली ड्रम, अवैध शस्त्र, मोबाइल फोन, नकदी और तेल चोरी करने वाले उपकरण मिले।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुमित पुत्र श्रीपाल, मनोज पुत्र हरीसिंह, मंगत सिंह पुत्र अतर सिंह (तीनों निवासी सिंधावली, थाना मंसूरपुर), उमेश पुत्र सत्यपाल (नंगला खोखर, संभल) तथा रामबीर पुत्र गोपाल सिंह (गढ़ी देशराज, थाना तितावी) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने नमन ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फर्म बना रखी है और जीएसटी नंबर भी लिया है। यह गिरोह हाईवे से गुजरने वाले टैंकर ड्राइवरों से मिलकर उनसे काला तेल चोरी करता था और बदले में ड्राइवरों को प्रति लीटर के हिसाब से पैसे देता था। चोरी हुए तेल को भूमिगत टैंकर में छिपाकर इकट्ठा किया जाता था और बाद में फैक्ट्रियों को ईंधन के रूप में ऊंचे दामों में बेचा जाता था। पुलिस गैंग के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पवन कुमार सहित अजयपाल सिंह, रोहित चौधरी, गौरव राणा, अनुभव चौधरी, विकास कुमार, अनीश खान और नवीन कुमार शामिल रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights