मुजफ्फरनगर। प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री की सूचना पर लखनऊ से गठित औषधि विभाग की विशेष टीम ने बुधवार को जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिषद मार्केट स्थित कई दवा प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस संयुक्त कार्रवाई में मेरठ और आगरा से आए औषधि निरीक्षक शामिल रहे, जबकि स्थानीय औषधि निरीक्षक पवन शाक्य भी टीम के साथ मौजूद रहे।छापेमारी के दौरान टीम ने दवा दुकानों पर उपलब्ध दवाओं के स्टॉक, खरीद–फरोख्त से जुड़े बिल, रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की गहन जांच शुरू की।

अधिकारियों ने प्रत्येक दवा की वैधता, लाइसेंस शर्तों के अनुपालन और प्रतिबंधित दवाओं की संभावित बिक्री को लेकर बारीकी से पड़ताल की।औषधि विभाग के अधिकारियों के अनुसार जांच का दायरा और बढ़ाया जा रहा है तथा जिला परिषद मार्केट समेत अन्य क्षेत्रों में 10 से अधिक दवा प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। नियमों के उल्लंघन या प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पाए जाने पर संबंधित दवा व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान विभागीय अधिकारियों ने मुजफ्फरनगर की एक दवा एसोसिएशन के पदाधिकारी से भी गोपनीय रूप से पूछताछ की है। इसी आधार पर कुछ प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। औषधि विभाग की इस कार्रवाई से दवा बाजार में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights