मुजफ्फरनगर। आगामी क्रिसमस पर्व के मद्देनज़र मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, मुजफ्फरनगर ने प्रवर्तन कार्रवाई की। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) श्रीमती अर्चना धीरान के नेतृत्व में बुधवार को टीम ने शहर के विभिन्न बेकरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने एकत्र किए।कार्रवाई के दौरान ए टू जेड रोड स्थित मैसर्स तुषार बेकर्स से पाइनएप्पल केक का एक नमूना लिया गया। पटेल नगर, नई मंडी स्थित मैसर्स बेकर्स बैक से रेड वेलवेट केक का एक नमूना संग्रहित किया गया।

वहीं गांधी कॉलोनी स्थित मैसर्स गुड लाइफ बेकरी से पाइनएप्पल स्ट्रॉबेरी केक और रेड वेलवेट केक—दो अलग-अलग नमूने लिए गए। इस प्रकार कुल चार नमूने संग्रहित कर जांच हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजे गए हैं।अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रवर्तन टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार, वैभव शर्मा, पूनम कुमारी, सुनील कुमार एवं विशाल चौधरी शामिल रहे। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि त्योहारों के दौरान केवल मानक व सुरक्षित खाद्य पदार्थों का ही सेवन करें और किसी भी संदिग्ध उत्पाद की सूचना विभाग को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights