मुजफ्फरनगर।जनपद के गांव भंडूरा और आसपास के किसानों के लिए सोमवार की रात राहत और खुशी लेकर आई। करीब दो दशकों से सूखे पड़े रजवाहे में आखिरकार पानी पहुंच गया। सिंचाई विभाग की तकनीकी पहल से भंडूरा गांव से भंडूर पुलिस चौकी तक के रजवाहे में जल प्रवाह शुरू हो गया है, जिससे क्षेत्र की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई अब सुचारु रूप से हो सकेगी।जानकारी के अनुसार यह रजवाहा पहले भंडूरा गांव के जंगल क्षेत्र से निकलकर भंडूर पुलिस चौकी के पास से होते हुए भिक्की गांव तक जाता था। करीब 20 वर्ष पूर्व पुलिस चौकी के समीप इस रजवाहे को बंद कर उस पर बेहड़ा अस्सा गांव को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कर दिया गया था। इसके चलते चौकी के आगे रजवाहा पूरी तरह समाप्त हो गया और पीछे का हिस्सा भी पानी के अभाव में बेकार हो गया।

परिणामस्वरूप किसानों को सिंचाई के लिए वैकल्पिक और दूरस्थ स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था।किसानों की लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सिंचाई विभाग ने समाधान की दिशा में कदम उठाया। अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्रा, एसडीओ प्रदीप कुमार और जूनियर इंजीनियर अशरफ के प्रयासों से तकनीकी स्तर पर नई व्यवस्था की गई। पुलिस चौकी के आगे रजवाहा बंद होने के कारण पानी के व्यर्थ बहने की समस्या को दूर करने के लिए रजवाहे के पानी को चौकी के सामने से गुजर रहे गर्बी रजवाहे से जोड़ दिया गया। इस व्यवस्था से अब पानी का पूरा उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।रजवाहे में पानी पहुंचते ही किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। किसानों का कहना है कि 20 साल बाद यह सुविधा मिलने से खेती करना अब आसान हो जाएगा और उत्पादन भी बढ़ेगा। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि यह कदम क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
