मुजफ्फरनगर।जनपद में लगातार बढ़ रही शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशों के क्रम में शनिवार देर रात अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह एवं उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी ने स्टेशन रोड स्थित रैन बसेरे एवं आसपास के अलाव स्थलों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रैन बसेरे में मौजूद व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। बिजली आपूर्ति, पीने के पानी की उपलब्धता, बेड-शीट, कंबल तथा शौचालयों की साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। साथ ही सड़क किनारे खुले में सो रहे जरूरतमंदों को रैन बसेरे तक पहुंचाने की भी व्यवस्था कराई गई।

रेलवे क्षेत्र के पास स्थित रैन बसेरे के समीप अलाव जलता हुआ पाया गया। वहां मौजूद लोगों से अलाव जलने की नियमितता की जानकारी भी ली गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने नगर पालिका द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के पूरे मौसम में इसी प्रकार अलाव और रैन बसेरों की समुचित व्यवस्था बनी रहनी चाहिए।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अलाव की व्यवस्था केवल कागजी औपचारिकता न रहे, बल्कि प्रतिदिन इसकी वास्तविक निगरानी सुनिश्चित की जाए। चिन्हित स्थलों पर समय से अलाव जल रहे हैं या नहीं, इसकी नियमित जांच करने और किसी भी कमी की स्थिति में तत्काल सुधार के आदेश दिए गए।इस मौके पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका प्रज्ञा सिंह, तहसीलदार सदर राधेश्याम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
