मुजफ्फरनगर।जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने शुक्रवार देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बघरा का औचक रात्रिकालीन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रात्रि में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, आपातकालीन कक्ष तथा वार्डों की व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। उन्होंने उपचाराधीन मरीजों से बातचीत कर उनकी स्थिति जानी और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का भी जायजा लिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बढ़ती ठंड को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सर्दी-जुकाम, निमोनिया एवं श्वसन संबंधी रोगों से पीड़ित मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने, नवजात शिशुओं, वृद्धों और गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही गर्म पानी, कंबल, हीटर और आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण बनाए रखने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान रात्रि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और मरीजों को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
