मुजफ्फरनगर | शाहपुर थाना पुलिस ने सड़क किनारे खड़े ट्रकों से डीज़ल चोरी करने वाले गैंग का बड़ा पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 400 लीटर चोरी का डीज़ल, अवैध शस्त्र, तेल चोरी में उपयोग होने वाले उपकरण और एक 10 टायरा आईसर ट्रक बरामद किया है।पुलिस ने सूचना मिलने पर टीम ने श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर कट के पास संदिग्ध ट्रक को रोका। तभी कंडक्टर सीट की ओर से एक व्यक्ति मौके से भाग निकला। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से डीज़ल से भरी प्लास्टिक बाल्टियाँ, पाइप, गेज, तीन नाजायज़ चाकू और ट्रक नंबर UP 12 AT 7124 बरामद किया गया। फरार आरोपी की तलाश के लिए अलग टीम तैनात की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में हसनैन निवासी सिवाल खास, अनवार निवासी हर्रा, इस्तकार निवासी खीचरा (धौलाना) और प्रवीन पहलवान निवासी गढी नौआबाद शामिल हैं। फरार आरोपी की पहचान शहजाद पुत्र खलील निवासी शेखपुर खीचरा, धौलाना (हापुड़) के रूप में हुई है।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे काफी समय से सड़क किनारे खड़े ट्रकों से डीज़ल चोरी करते थे और चोरी का माल प्रवीन पहलवान के घर ले जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपी अनवार के खिलाफ चोरी और आयुध अधिनियम से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज पाए गए हैं।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई पूरी कर ली है। टीम अन्य अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मोहित चौधरी, उ.नि. राहुल कुमार, उ.नि. अनिकेत धारिवाल, उ.नि. दीपक चौधरी, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार, रोहताश कुमार, प्रेमचंद्र शर्मा, कांस्टेबल शिवम यादव, मोहम्मद अलीम, पवन चौधरी और अश्वनी कुमार शामिल रहे।
