मनोज पाल

मुज़फ्फरनगर | चरथावल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने महिलाओं के साथ लूट की विभिन्न घटनाओं को अंजाम देने वाले 2 लुटेरों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ में दोनों को पैरों में गोली लगी है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए लुटेरों के पास से अवैध तमंचे, बाइक और लूटे गए आभूषण भी बरामद किए गए हैं।

मुजफ्फरनगर पुलिस ने गत रात्रि चरथावल थाना क्षेत्र में मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली और हरिद्वार जनपदों के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिलाओं के साथ लूटपाट की घटनाओं में शामिल दो लुटेरों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। पुलिस मुठभेड़ सैदपुर कलां के पास हुई जहां पर मोटरसाइकिल पर आ रहे लुटेरों को पुलिस ने रोकने का इशारा किया मगर वह भागने लगे। मोटरसाइकिल फिसलने के बाद लुटेरे गिर गए और अपने आप को घिरता देख उन्होंने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्यवाही और आत्मरक्षा में पुलिस ने भी फायरिंग की जिसमें दोनों लुटेरों के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए।

पकड़े गए दोनों लुटेरों की पहचान अंकुर पुत्र मोहर सिंह निवासी ग्राम अनंत मऊ, थाना ननौता जनपद सहारनपुर एवं लखन उर्फ लक्खा पुत्र राजकुमार निवासी भावसी रायपुर थाना ननौता जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है।दोनों लुटेरों का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। अंकुर पर लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट आदि के 15 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि लखन उर्फ लक्खा उस पर भारी है और उस पर लूट, चोरी, हिंसक अपराध, गैंगस्टर सहित विभिन्न धाराओं में 22 मुकदमे दर्ज हैं। अंकुर 2017 में सहारनपुर में 80 लाख की लूट में भी शामिल रहा है।एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि दोनों लुटेरे ज्यादातर महिलाओं को ही निशाना बनाते थे। इनका सबसे बड़ा टारगेट बुर्का पहनने वाली मुस्लिम महिलाएं होती थीं। इनका मानना था कि बुर्के वाली महिलाओं के पास अन्य महिलाओं की अपेक्षा अधिक सोना-चांदी के आभूषण मिलेंगे।

15 से 18 सितंबर के बीच ही इन्होंने भोपा, चरथावल और छपार थाना क्षेत्रों में लूट की तीन वारदातों को अंजाम दिया।दोनों लुटेरे चोरी या लूटी गई हाई पिकअप और तेज भागने वाली मोटरसाइकिलों का ही इस्तेमाल करते थे ताकि वारदात के बाद आसानी से फरार हो सकें। दोनों लुटेरों के पास से लूटा गया 36 ग्राम सोना, सोने के आभूषण, 7500 रुपये नकद, हरियाणा व मुजफ्फरनगर से चोरी की गई दो मोटरसाइकिल तथा अवैध तमंचे मय जिन्दा कारतूस बरामद किए गए।एसएसपी ने बताया कि प्रदेश में चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत लुटेरों को मुठभेड़ में गिरफ्तार करने में महिला पुलिस कर्मियों का विशेष योगदान रहा। महिलाओं के साथ हो रही लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए महिला पुलिस कर्मियों को भी टीम में शामिल किया गया था।इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने जानकारी दी कि दोनों लुटेरों के विस्तृत आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। अभी इनके बारे में और भी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आना बाकी हैं।दोनों शातिर लुटेरों को गिरफ्तार करने के लिए एसएसपी ने 24 पुलिसकर्मियों की बड़ी टीम गठित की थी। शातिर लुटेरों को गिरफ़्तार करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने 25 हज़ार रुपये के इनाम की घोषणा भी की है।

लुटेरों को गिरफ्तार करने में शामिल पुलिस कर्मियों में निरीक्षक जसवीर सिंह थाना चरथावल, उप निरीक्षक मोहित सिंह प्रभारी एसओजी, उप निरीक्षक अजय प्रसाद गौड़ एसओजी, महिला उप निरीक्षक श्रीमती ज्योति यादव पुलिस कार्यालय, महिला उप निरीक्षक ज्योति चौधरी थाना कोतवाली नगर, महिला उप निरीक्षक डौली यादव थाना चरथावल, उप निरीक्षक संजय सौलंकी एसओजी, उप निरीक्षक गजेन्द्र सिंह थाना चरथावल, उप निरीक्षक अमित सिंह थाना चरथावल, उप निरीक्षक कौशलेन्द्र प्रताप सिंह थाना चरथावल, मुख्य आरक्षी नितिन मलिक एसओजी, मुख्य आरक्षी सचिन अत्री एसओजी, मुख्य आरक्षी पिन्टू एसओजी, मुख्य आरक्षी जितेन्द्र त्यागी एसओजी, मुख्य आरक्षी जोगेन्द्र सिंह एसओजी, मुख्य आरक्षी गुरनाम सिंह एसओजी, मुख्य आरक्षी तरूण पाल एसओजी, मुख्य आरक्षी विक्रांत चौधरी एसओजी, मुख्य आरक्षी मौ0 अजीब थाना चरथावल, मुख्य आरक्षी हरेन्द्र सिंह थाना चरथावल, आरक्षी रवि राणा एसओजी, आरक्षी ललित पायल एसओजी, आरक्षी राहुल थाना चरथावल, महिला आरक्षी पिंकी आदि शामिल रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights