मणिपुर में भीड़ द्वारा निर्वस्त्र कर घुमाई गई लड़कियों में से एक की मां ने दोषियों के लिए मौत की सजा की मांग की है तथा अपने बेटे और पति के शव देखना चाहती हैं जिनकी उसी दिन हत्या कर दी गई थी।

विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के सांसदों द्वारा पीड़ित परिवार से मिलने के बाद महिला ने बातचीत में यह बात की। दोषियों के लिए फांसी की सजा की मांग करते हुए पीड़िता की मां ने कहा, ‘‘’मुझे केंद्र सरकार पर भरोसा है, लेकिन राज्य सरकार पर नहीं।’’

उन्होंने यह भी कहा, ‘‘मैं जो बात बताना चाहती हूं वह यह कि हम आदिवासी, अल्पसंख्यक हैं, हम अब मेइती के साथ नहीं रह सकते हैं। दूसरी बात, यदि संभव हो तो मैं कम से कम अपने बेटे और पति के शव देखना चाहती हूं।’’

मणिपुर में 4 मई को 21 वर्षीय लड़की को निर्वस्त्र कर घुमाया गया था, उसी दिन उसके भाई और पिता को भीड़ ने मार डाला था।

विपक्षी दलों के 21 सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य के दो दिवसीय दौरे पर है और हिंसा से प्रभावित लोगों से मुलाकात कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights