नीरज प्रजापति

पढ़ाई कर घर लौट रहे चंचल और आयुष पर फायरिंग का आरोप, शाहपुर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा; गिरफ्तारी के प्रयास जारी।

मुजफ्फरनगर। जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव कुटबा में लाइब्रेरी के बाहर हुई फायरिंग की घटना ने ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पढ़ाई के बाद घर लौट रहे दो सगे भाइयों को कथित तौर पर निशाना बनाया गया। अचानक हुई गोलीबारी में दोनों भाई बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। वारदात के बाद आरोपी के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला 21 अक्टूबर की रात का बताया गया है। गांव कुटबा निवासी चंचल कुमार अपने छोटे भाई आयुष के साथ कुटबा-कुटबी लाइब्रेरी में पढ़ाई करने गए थे। दोनों भाई पढ़ाई पूरी करने के बाद रात करीब नौ बजे लाइब्रेरी के मुख्य गेट से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान गांव के ही जयकुमार उर्फ कुक्कू पुत्र रामधन के वहां पहुंचने का आरोप है। चंचल कुमार के मुताबिक, आरोपी ने दोनों भाइयों को देखते ही जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। अचानक गोलियां चलने से दोनों भाई घबरा गए और अपनी जान बचाने में जुट गए। हालांकि, इस हमले में दोनों सुरक्षित बच निकले। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। फायरिंग की सूचना आपातकालीन सेवा डायल-112 के माध्यम से पुलिस तक पहुंची। जानकारी मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की पड़ताल शुरू की। पुलिस ने पीड़ित पक्ष से घटना की जानकारी जुटाई और शिकायत के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई। क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्रपाल सिंह के अनुसार, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने चंचल कुमार की तहरीर के आधार पर जयकुमार उर्फ कुक्कू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, हमले की वजह खंगाली जा रही फायरिंग के बाद आरोपी के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों भाइयों पर गोली चलाने के पीछे क्या कारण था और क्या पहले से कोई विवाद चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights