मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने शाकम्भरी देवी मंदिर क्षेत्र में आगामी मेला के दृष्टिगत निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा अन्य राज्यों एवं जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं में बेहतर संदेश जाए। पेयजल, शौचालय, पार्किंग की व्यवस्था के साथ ही लेटकर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग से कॉरिडोर बनाया जाय। इस संबंध में उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को यथाशीघ्र कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को विभिन्न विकास एवं सुरक्षा कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर में हाई मास्क की लाइट स्थापित की जाए। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे तथा अर्ली वार्निंग/अर्ली अलार्म सिस्टम की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आपदा अथवा किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सूचना उपलब्ध कराई जा सके तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। उन्होंने मंदिर परिसर एवं बाजार क्षेत्र में स्थित दुकानों के आसपास स्वच्छता एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानों का सुव्यवस्थित व्यवस्थापन किए जाने पर बल देते हुए कहा कि सभी दुकानें निर्धारित मानकों के अनुरूप आकर्षक एवं व्यवस्थित रूप में संचालित हों, जिससे क्षेत्र की सुंदरता में वृद्धि हो सके। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शाकम्भरी देवी क्षेत्र को सुरक्षित, स्वच्छ एवं आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, उप जिलाधिकारी बेहट विकास पाण्डे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
