कार और बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, पांच गंभीर घायल

बिजनौर, 6 मई (हि.स.)। नजीबाबाद हरिद्वार रोड पर भागूवाला क्षेत्र में मंगलवार सुबह सड़क हादसा हो गया। वालिया होटल तिराहे के पास एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तत्काल सीएचसी समीपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे उस वक्त हुआ, जब एक कार हरिद्वार से शादी समारोह में शामिल होकर ग्राम बारमय खेड़ा, थाना उझानी, जनपद बदायूं लौट रही थी। इसी दौरान भागूवाला में वालिया होटल तिराहे के कट के पास मोटा महादेव की तरफ से आ रही बाइक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार वैभव और प्रियम, निवासी उमरा बुजुर्ग, थाना शिवाला कला, जनपद बिजनौर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान दीपक (30), लोटन (35), मनोज (27), ईसा चरण (60), और कृष (19) के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights