iia-bareilly-new-team-msme

बरेली, 23 जुलाई । उत्तर प्रदेश के बरेली में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) बरेली चैप्टर के वर्ष 2026-27 के अधिष्ठापन समारोह में नई कार्यकारिणी ने उद्योगों के हितों की रक्षा, सदस्यता विस्तार और एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बुधवार रात को द एग्जीक्यूटिव क्लब में आयोजित समारोह में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में एमएसएमई क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार उद्योगों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं तथा निवेश के अनुकूल माहौल तैयार कर रही है।

समारोह में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, विशिष्ट अतिथि वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना तथा आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए दिनेश गोयल मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और जल संरक्षण के संकल्प के साथ हुई। अतिथियों का पौधा और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए दिनेश गोयल ने शेखर अग्रवाल को वर्ष 2026-27 के लिए आईआईए बरेली चैप्टर का चेयरमैन घोषित किया। निवर्तमान चेयरमैन मयूर धीरवानी ने औपचारिक रूप से उन्हें कार्यभार सौंपा। इस दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल का अनुभव साझा करते हुए कहा कि बरेली चैप्टर ने हमेशा उद्योगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और नई टीम भी इस परंपरा को आगे बढ़ाएगी।

नवनियुक्त चेयरमैन शेखर अग्रवाल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता बरेली चैप्टर को प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ चैप्टर बनाना होगी। इसके लिए विभिन्न सेक्टोरल कमेटियों के माध्यम से उद्योगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाएगा। उन्होंने उद्यमियों के सम्मान और हितों की रक्षा के लिए पूरी टीम के साथ सक्रियता से काम करने का भरोसा दिलाया।

नई कार्यकारिणी में धनंजय विक्रम सिंह को सचिव, आशीष गुप्ता को कोषाध्यक्ष, शार्दुल शंखधार को सह-कोषाध्यक्ष, अभिनव अग्रवाल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मनोज पंजाबी, रजत मेहरोत्रा और रोशन अग्रवाल को उपाध्यक्ष बनाया गया। तुषार गोयल और सलिल बंसल सह सचिव तथा ऋषभ दीक्षित को सह सचिव एवं मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।

नवनियुक्त सचिव धनंजय विक्रम सिंह ने सदस्यता विस्तार, औद्योगिक समस्याओं के समाधान, युवा उद्यमियों को संगठन से जोड़ने और विभिन्न सरकारी विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की कार्ययोजना प्रस्तुत की। वहीं कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने अगले वर्ष तक चैप्टर की सदस्य संख्या 500 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा और समारोह के दौरान 15 नए सदस्यों के संगठन से जुड़ने की घोषणा की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए दिनेश गोयल ने कहा कि आईआईए लगातार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की समस्याओं को शासन और प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाता रहा है। उन्होंने बरेली चैप्टर की पिछली टीम के कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी जरूरी बताते हुए हरित ऊर्जा, जल संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। समारोह में आईवाईसी टीम की भी घोषणा की गई और नए सदस्यों का स्वागत किया गया। अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन तनुज भसीन ने किया, जबकि आभार कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने व्यक्त किया। समारोह में करीब 150 उद्यमियों और आईआईए पदाधिकारियों ने भाग लिया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights