human-chain-nari-shakti-vandan

नई दिल्ली, 14 अप्रैल । इंडिया गेट पर ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में ‘सम्पूर्णा’ संस्था की संस्थापिका अध्यक्ष शोभा विजेंद्र के नेतृत्व में मानव शृंखल बनाई गई। इस अभियान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद और आभार प्रकट करने के लिए दिल्ली की सामाजिक संस्थाओं ने भागीदारी की।

डॉ. शोभा विजेंद्र ने बताया कि मानव शृंखला का मुख्य उद्देश्य 16–18 अप्रैल को लोकसभा में आयोजित विशेष सत्र के लिए शुभकामनाएं देना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के क्रियान्वयन में आने वाली सभी बाधाओं को दूर करने के प्रयासों का समर्थन करना था।

उन्होंने कहा कि इस अभियान में 300 से अधिक महिलाओं ने तेज धूप में खड़े होकर प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगाए। पुरुषों ने भी अधिनियम के सार को दर्शाते हुए पर्चे वितरित कर सक्रिय सहयोग दिया। प्रतिभागियों ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम– जय हो’ और ‘नारी की सुरक्षा हो – हर पहलू पर रक्षा हो’ जैसे नारों से वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।

डॉ. शोभा विजेंद्र ने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ केवल एक कानून नहीं है, बल्कि महिलाओं को समान अधिकार, सम्मान और राष्ट्रीय निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने वाला एक परिवर्तनकारी कदम है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सशक्त भागीदारी से शासन अधिक संवेदनशील और समावेशी बनेगा। उन्होंने कहा कि महिला नेतृत्व केवल महिला मुद्दों तक सीमित नहीं है बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक न्याय जैसे क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है, जो ‘सर्वजन हिताय– सर्वजन सुखाय’ की भावना को साकार करता है।

उन्होंने सभी से इस पहल के महत्व को समझने और इसे समाज में व्यापक स्तर पर फैलाने की अपील की, ताकि यह वास्तविक सामाजिक परिवर्तन का आधार बन सके और भारत को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक हो।

इस अभियान में फिक्की फ्लो से निधि गोयल, भारत विकास परिषद से रश्मि गोयला, पूर्व पार्षद अंजू जैन, डॉ. एकता चड्ढा, अविनाश जैन, संजय गौतम, सम्पूर्णा के लाभार्थी, स्टाफ और स्वयंसेवक शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने इस अभियान को दिल्ली के प्रत्येक घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights